Shimla: आपदा की पीड़ा को मैं भलीभांति समझता हूं : सुक्खू
punjabkesari.in Tuesday, Aug 05, 2025 - 09:39 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उत्तरकाशी के धराली में हुई त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही उन्होंने इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के कुशलक्षेम की कामना भी की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर डाली एक पोस्ट में उल्लेख किया है कि आपदा की पीड़ा को मैं भलीभांति समझता हूं। हमने ऐसी परिस्थितियों की भयावहता को करीब से देखा है। साथ ही अपनों को खोने का दर्द सहा है। आगे लिखा है कि प्राकृतिक आपदाएं अब पहले से ज्यादा तीव्र और विनाशकारी होती जा रही हैं। ऐसे में हमें मिलकर इनके कारणों की तलाश करनी होगी। पर्यावरणीय असंतुलन और बदलते मौसमीय पैटर्न को समझना होगा। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं धराली क्षेत्र के सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि सबकी रक्षा करें।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन का गहरा शोक व्यक्त किया है मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्यपाल मलिक ने किसानों के हक और जनहित के मुद्दों पर हमेशा मजबूती से अपनी आवाज उठाई। मुख्यमंत्री ने पंचकूला में तैनात आईटीबीपी के वीर जवान एवं सुंदरनगर के भेच्छना गांव निवासी संजय कुमार का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन होने पर भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।
हिमाचल को अग्रणी राज्यों की सूची में स्थान
मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में नीति आयोग के पहले ‘इंडिया इलैक्ट्रिक मोबिलिटी इंडैक्स (आईईएमआई ) में लिखा है कि हिमाचल प्रदेश को उन अग्रणी राज्यों की सूची में स्थान मिला है, जो चार्जिंग इन्फ्राचक्कर की तत्परता में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। यह उपलब्धि इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने में प्रदेश सरकार की नीतियों, निर्णयों और पर्यावरण के प्रति हम सभी की सांझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि हमारा लक्ष्य है कि इलैक्ट्रिक मोबिलिटी के माध्यम से भविष्य की जरूरतों को पूरा करते हुए ‘हरित हिमाचल’ के संकल्प को साकार किया जाए।