Shimla: 915 ग्राम अफीम तस्करी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 04:20 PM (IST)

शिमला (संतोष): 915 ग्राम अफीम बरामदगी के चर्चित मामले में पुलिस ने कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए तीसरे आरोपी को भी धर दबोचा है। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। 10 जून की रात्रि लगभग 10.20 बजे कढारघाट से नौटीखड्ड की ओर सड़क किनारे खड़ी ऑल्टो कार से पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर ली गई तलाशी में कार के डैशबोर्ड से 915 ग्राम अफीम बरामद की गई थी। पुलिस थाना सुन्नी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

प्रारंभिक कार्रवाई में मौके से गिरफ्तार आरोपी दिनेश कुमार उर्फ दुर्गा सिंह (45) पुत्र स्व. देव सहाय निवासी गांव भोग, डाकघर भोगड़ा, तहसील ठियोग, जिला शिमला व धर्मेंद्र कुमार हिमराल (35) पुत्र लायक राम निवासी गांव बनूना डाकघर गढ़ेरी, तहसील सुन्नी जिला शिमला को गिरफ्तार किया था। बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस ने तीसरे आरोपी राकेश कुमार उर्फ मोटू (43) पुत्र स्व. दिला राम निवासी गांव छराई डाकघर शड़ी तहसील ठियोग जिला शिमला को सूचना के आधार पर मतियाणा बाजार से गिरफ्तार किया गया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News