Himachal: नौणी विवि के कुलपति को दी एक्सटैंशन के विरोध में युकां ने किया जोरदार प्रदर्शन

punjabkesari.in Monday, May 19, 2025 - 07:05 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोमवार को डा. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति को दी गई एक्सटैंशन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके तहत युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय राजीव शिमला से लेकर राजभवन तक रैली निकाली गई। इसके साथ ही एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें एक्सटैंशन को अवैध बताते हुए तत्काल रद्द करने की मांग की गई। छतर ठाकुर ने राजभवन के बाहर आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते कहा कि विवि कुलपति को दी गई एक्सटेंशन उच्च न्यायालय के उस आदेश की अवहेलना करता है, जिसमें उनकी नियुक्ति को अवैध घोषित किया गया था। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे ने पूरे प्रदेश में व्यापक आक्रोश पैदा किया है, जिसे युवा कांग्रेस ने अपनी आवाज बुलंद कर व्यक्त किया।

PunjabKesari

छत्तर ठाकुर ने कहा कि सेवा विस्तार को संवैधानिक मूल्यों और कानूनी मर्यादाओं पर प्रहार बताया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में ऐसी अवैध नियुक्तियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षा के भगवाकरण का यह प्रयास कतई सफल नहीं होगा। उन्होंने चेताया कि यदि कुलपति को दिया गया विस्तार तत्काल रद्द नहीं किया गया, तो युवा कांग्रेस अपना आंदोलन और तेज करेगी और सड़कों पर उतरकर निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। इस दौरान युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने नारेबाजी भी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ता ने भाग लिया।

स्वायत्तता के लिए दृढ़ संकल्पित : डा. रणजीत
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव डा. रणजीत वर्मा ने कहा कि युकां शैक्षणिक संस्थानों की स्वायत्तता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने उच्च न्यायालय के आदेश का सम्मान किया जाना तथा इस मामले में उठाए गए गंभीर सवालों का त्वरित समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुलपति को सेवा विस्तार देना पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी गहरा आघात है।

गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध : आर्यन चौहान
इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आर्यन चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन के नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हिमाचल प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों की पवित्रता और गरिमा को बनाए रखने के लिए युवा कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दोहराया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News