Himachal: नादौन में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम निर्मित कर रही सरकार : मुख्यमंत्री
punjabkesari.in Tuesday, Jun 17, 2025 - 06:25 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि राज्य में खेल अधोसंरचना का उन्नयन किया जा रहा है। प्रदेश सरकार हमीरपुर के नादौन में एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम निर्मित कर रही है। इस विश्व स्तरीय सुविधा से युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा निखार सकेंगे। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को यहां जारी बयान में कहा कि प्रदेश सरकार गांव स्तर तक खेलों की असाधारण प्रतिभाओं को निखारने, उन्हें उचित मंच प्रदान करने के लिए ठोस प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के साथ-साथ खिलाड़ियों के जीवन में पोषण युक्त आहार का भी महत्व रहता है। इसके दृष्टिगत सरकार द्वारा 421 खिलाड़ियों को डाइट मनी के रूप में 76.98 लाख रुपए और 235 खिलाड़ियों को यात्रा खर्च के लिए 6.01 लाख रुपए दिए गए हैं। सरकार के यह निर्णय दर्शाते हैं कि प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ खेल की तैयारी करने के लिए बेहतर प्रशिक्षण के साथ बेहतर डाइट और यात्रा सुविधा भी प्रदान की जाती है।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय खेल विजेताओं की सम्मान राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि 21 अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेताओं को बढ़ी हुई पुरस्कार राशि के साथ 14.77 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। सरकार के इस कदम का उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और अंतर्राष्ट्रीय सफलता को मान्यता प्रदान करना है।
ऊना जिले के पैरालिम्पियन निषाद कुमार को प्रतिष्ठित टोक्यो पैरालिपिंक सहित विभिन्न पैरा-खेलों में ऊंची कूद में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सर्वाधिक 7.80 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके साथ मंडी के पैरा एथलीट अजय कुमार को 400 मीटर दौड़ में पदक जीतने के लिए 2.50 करोड़ रुपए का पुरस्कार दिया गया।
प्रदेश के लिए सम्मान अर्जित करने वाले हमीरपुर के विकास ठाकुर को भारोत्तोलन स्पर्धा में पदक जीतने के लिए 2 करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया गया। कबड्डी के खेल में, सिरमौर से एथलीटों रितु नेगी, पुष्पा और सुषमा शर्मा, बिलासपुर से निधि शर्मा, सोलन से ज्योति और ऊना से विशाल भारद्वाज को अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामैंट में राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रत्येक एथलीट को 33.32 लाख रुपए का पुरस्कार दिया गया। शिमला की क्रिकेट स्टार रेणुका सिंह ठाकुर को भी खेल में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए 13.32 लाख रुपए प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त इन सम्मान के अलावा अन्य उत्कृष्ट एथलीटों को लगभग 44 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई है।