Shimla: भू-माफिया, जल-माफिया और खनन से जुड़े मामलों पर लगातार उठ रहे सवाल : राणा
punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 06:59 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): प्रदेश भाजपा वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में आज ऐसी सरकार काम कर रही है जिसके शासन में भू-माफिया, जल-माफिया और खनन से जुड़े मामलों पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और राजनीतिक संरक्षण के आरोप अब केवल विपक्ष के भाषणों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मंत्रियों के सार्वजनिक बयानों ने भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राणा ने कहा कि एक मंत्री की स्टोन क्रशर में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी दर्ज होने की बात सामने आई है। स्वयं मंत्री ने भी स्टोन क्रशर में अपनी हिस्सेदारी होने की बात स्वीकार की है, हालांकि उन्होंने किसी भी गैर कानूनी गतिविधि से इंकार करते हुए इसे कानून के अनुरूप बताया है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि सवाल यह है कि सरकार में मंत्री रहते हुए किसी व्यावसायिक परियोजना में इतनी बड़ी हिस्सेदारी होने पर हितों के टकराव, नियमों के पालन और सरकारी निगरानी से जुड़े प्रश्नों का स्पष्ट उत्तर कौन देगा। उन्होंने मांग की है कि स्टोन क्रशर से संबंधित पार्टनरशिप डीड, खनन लीज, पर्यावरण स्वीकृतियां, भूमि रिकॉर्ड और अन्य अनुमतियों की स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कर पूरी स्थिति जनता के सामने रखी जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में नौकरी वितरण केंद्र जैसी कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठे हैं। एक विधानसभा क्षेत्र में करीब 700 युवाओं को आऊटसोर्स आधार पर रोजगार देने की बात सामने आई है। भाजपा ने इसे लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की थी। राजेंद्र राणा ने कहा कि सरकार को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय इन सवालों का दस्तावेजों के साथ जवाब देना चाहिए।

