Shimla: श्री माहूंनाग देवता की पालकी व पारंपरिक धुनों से गूंजा रिज मैदान
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 08:42 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): देव परंपराओं की समृद्ध विरासत को संजोए हुए शिमला में आज उस समय आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला जब श्री माहूंनाग देवता भागीजुब्बड़ (नालदेहरा) की पावन पालकी अपने प्रवास के दौरान ऐतिहासिक रिज मैदान से होकर गुजरी। इस अवसर पर देवठु और कारदार पारंपरिक वेशभूषा में पालकी के साथ चलते नजर आए। देवता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा और स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पालकी के आगे-आगे चलते देवठु पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनें बजाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरा रिज क्षेत्र गूंज उठा। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और अन्य वाद्य यंत्रों की ताल पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। शहर के प्रमुख स्थल रिज पर इस देवता की पालकी के गुजरने से न केवल आस्था को मजबूत किया, बल्कि हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की। श्रद्धालुओं ने देवता के आगमन को शुभ मानते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।

