Shimla: कामगार बोर्ड में सामने आए धोखाधड़ी के 38 मामले, अधिकारियों व कर्मचारियों पर गिरेगी गाज
punjabkesari.in Tuesday, Jul 22, 2025 - 05:50 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा है कि बोर्ड में धोखाधड़ी के 38 मामले सामने आए हैं, जिनके खिलाफ अलग-अलग स्थान पर एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें से 12 लोग ऐसे पाए गए हैं, जिन्होंने बोर्ड से अवैध रूप से 9 लाख रुपए का लाभ प्राप्त किया है। इनके खिलाफ बोर्ड की तरफ से एफआईआर दर्ज की गई है, जिसके बाद इनसे रिकवरी करने की तैयारी की जा रही है। नरदेव सिंह कंवर यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बोर्ड में जिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने गलत तरीके से 38 लोगों का पंजीकरण किया है, उनके ऊपर भी गाज गिरेगी।
उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी के मामले बड़सर, भोरंज, हमीरपुर और सुजानपुर में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पड़ताल की यह मुहिम प्रदेश भर में चलेगी और धोखाधड़ी करने वालों का पता लगाया जाएगा। इसके लिए सभी पंजीकरण की ई-केवाईसी करवाई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए फॉर्म जमा किए हैं। इसमें से कुछ फॉर्म अवैध पाए गए हैं, जिसकी जांच हो रही है।
किन लोगों के खिलाफ दर्ज हुए मामले
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि जिन 38 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, उनमें बिजनैसमैन, सरकारी कर्मचारी, अध्यापक और सैन्य अधिकारी की पत्नी शामिल है। इन्होंने मैटरनिटी और मकान के लिए गलत तरीके से योजनाओं का लाभ उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में 70 हजार से ज्यादा लोगों को पंजीकृत किया गया था, जिनमें से जांच के दौरान 38 लोग साधन संपन्न पाए गए थे। ऐसे लोग बोर्ड की योजनाओं का गलत तरीके से लाभ ले रहे थे।
बोर्ड के ऊपर 500 करोड़ की देनदारियां
नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड के ऊपर कामगारों की 500 करोड़ रुपए की देनदारी है, जिसे बोर्ड द्वारा जल्द चुकता किया जाएगा। इसमें से 80 करोड़ रुपए से ज्यादा की देनदारी चुकता की जा चुकी है।
जयराम के हलके में 18,000 का पंजीकरण
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के हलके में 18,000 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस तरह पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में वर्ष, 2021-22 के दौरान 80,894 लोगों का पंजीकरण किया गया। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में वर्ष, 2025-26 में अब तक 5,247 लोगों के पंजीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि 70,863 मजदूरों की ई-केवाईसी कर दी गई है, जबकि बोर्ड से 4,70,126 लोग पंजीकृत हैं।
चुनावी लाभ के लिए भाजपा ने 70 हजार पंजीकृत किए
नरदेव सिंह कंवर ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021-22 में भाजपा सरकार के दौरान चुनावी लाभ लेने के लिए 4 महीने के भीतर प्रदेश में 70 हजार से अधिक लोगों का पंजीकरण किया। इसके तहत मंडी में 15,094, हमीरपुर में 13,450, कांगड़ा में 9,955, बिलासपुर में 7,843, ऊना में 3,235 और रामपुर में 4,128 लोगों का पंजीकरण किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान 2 रुपए के स्थान पर 2,000 रुपए की पंजीकरण फीस वसूली गई।