Shimla: पंजाब रोडवेज कर्मचारियों के साथ खड़े HRTC के चालक-परिचालक

punjabkesari.in Monday, Dec 01, 2025 - 06:16 PM (IST)

शिमला (राजेश): पंजाब में पंजाब रोडवेज कर्मचारियों के आंदोलन की गूंज हिमाचल तक पहुंच गई है। पंजाब रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल व आंदोलन का एचआरटीसी कंडक्टर व ड्राइवर यूनियन ने पूर्ण समर्थन किया है। वहीं यूनियन ने पंजाब सरकार से निजीकरण प्रक्रिया रोकने और कर्मचारियों से संवाद करने की मांग की है। एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन के महासचिव दिपेंद्र कंवर ने स्टेट एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन पंजाब रोडवेज, पनबस व पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्ज यूनियन द्वारा घोषित प्रस्तावित हड़ताल का समर्थन किया है। यूनियन ने पंजाब परिवहन विभाग में कथित अन्याय व निजीकरण की ओर बढ़ते कदमों को कर्मचारियों के हितों के विरुद्ध बताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब परिवहन बेड़े में निजीकरण की प्रक्रिया कर्मचारियों के हितों पर सीधा आघात है और इससे हजारों परिवार प्रभावित होंगे।

यूनियन ने पंजाब सरकार से अपील की है कि 28 नवम्बर को तय हड़ताल के पीछे उठाई गईं मांगों को गंभीरता से सुने और निजीकरण की संपूर्ण प्रक्रिया को तुरंत रद्द किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय प्रक्रियाओं में कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और सरकार यूनियन प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर लंबित मांगों का समाधान निकाले। यूनियन ने कहा कि पंजाब रोडवेज कर्मचारियों का संघर्ष न्यायसंगत है और इसे अनदेखा नहीं किया जा सकता। यूनियन हिमाचल प्रदेश ने स्पष्ट किया कि वह हर परिस्थिति में पंजाब के परिवहन कर्मचारियों के साथ खड़ी है। यूनियन ने भरोसा दिलाया कि आंदोलन के दौरान जिस भी सहायता की आवश्यकता होगी, हिमाचल का संगठन उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

ड्राइवर यूनियन ने भी किया समर्थन, हर राज्य को देना चाहिए साथ
वहीं एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन ने भी पंजाब रोडवेज कर्मचारियों का समर्थन किया है। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि पंजाब में सड़क परिवहन कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर सरकार लगातार दबाव की नीति अपना रही है। वहीं हिमाचल में भी कर्मचारी अपनी समस्याओं को लेकर लगातार संघर्षरत हैं, लेकिन सरकारें कर्मचारियों की आवाज सुनने को तैयार नहीं दिखतीं। यूनियन ने कहा कि कई राज्यों के कर्मचारी समान चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन किसी भी स्तर पर गंभीरता नहीं बरती जा रही।

यूनियन के प्रांतीय प्रधान मान सिंह ठाकुर ने कहा कि पंजाब रोडवेज कर्मचारियों का संघर्ष न्यायसंगत है और हर राज्य के कर्मचारियों को उनका साथ देना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि अगर सभी कर्मचारी संगठन मिलकर संघर्ष को राष्ट्रीय स्वरूप देंगे तो सरकारें मजबूर होकर बातचीत के लिए आगे आएंगी। यूनियन ने दोहराया कि वे पंजाब रोडवेज कर्मचारियों के आंदोलन का पूरा समर्थन करते हैं और आगे भी संयुक्त रूप से संघर्ष जारी रखने की उम्मीद जताई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News