Shimla: मुख्यमंत्री सुक्खू ने कुपवी की 2171 महिलाओं को दी 1500 रुपए की सौगात
punjabkesari.in Friday, Dec 13, 2024 - 08:34 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला के उपमंडल कुपवी की 2171 महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के 97.69 लाख रुपए वितरित किए। यह राशि कांग्रेस की तरफ से विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह उपलब्ध करवाने की गारंटी का हिस्सा है।
उन्होंने सुख आश्रय योजना के तहत 6 लाभार्थियों को 4-4 हजार रुपए, 2 लाभार्थियों को गृह निर्माण के लिए 1-1 लाख रुपए, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना के तहत 13 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता तथा बेटी है अनमोल योजना के तहत 6 लाभार्थियों को 21-21 हजार रुपए की एफ.डी. वितरित की।
शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में होंगे महत्वपूर्ण बदलाव
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव करेगी। इसके तहत शिक्षा का आधारभूत ढांचा सुदृढ़ किया जाएगा। विद्यालयों में अध्यापकों की कमी होने पर प्रति घंटा के आधार पर अध्यापकों की सेवाएं ली जाएंगी। इसके दृष्टिगत प्रधानाचार्यों को अधीकृत किया जाएगा।
सरकार की उपलब्धियों से ध्यान भटकाने के लिए रचे जा रहे प्रपंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की उपलब्धियों से हतोत्साहित होकर प्रदेश भाजपा कई तरह के प्रपंच कर रही है। भाजपा नेता ध्यान भटकाने वाली बयानबाजी करने तक सीमित हो चुके हैं। वहीं प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों से राज्य के लोगों के जीवन में सुखद बदलाव आया।

