Shimla: राज्यपाल अभिभाषण धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद सीएम सुक्खू पेश करेंगे बजट

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 09:25 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राज्यपाल अभिभाषण धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे। ब्रेक के बाद बजट सत्र की शुरूआत 18 मार्च से होनी है, जिसमें पहले 2 दिन राज्यपाल अभिभाषण धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना है। यदि चर्चा को 2 दिन के भीतर पूरा कर लिया जाता है तो इस स्थिति में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 20 मार्च को अपना चौथा बजट प्रस्तुत कर सकते हैं।

 इसके विपरीत राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा की अवधि बढ़ाए जाने पर बजट को 20 मार्च के बाद पेश किया जा सकता है। इससे पहले मुख्यमंत्री 17 तारीख को बजट पेश करते रहे हैं, लेकिन राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने से उपजे हालात के कारण बजट सत्र के पहले चरण में 16 फरवरी को राज्यपाल अभिभाषण हुआ। राज्यपाल अभिभाषण के बाद सदन में शोकोद्गार के बाद सीधे आरडीजी पर चर्चा हुई। इस कारण ब्रेक से पहले बजट सत्र 3 दिन तक चला और उस समय राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा के लिए समय नहीं निकल पाया।

मुख्यमंत्री आज जाएंगे हमीरपुर
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को आईजीएमसी शिमला में 3 टेस्ला एमआरआई मशीन का उद्घाटन करने के बाद हमीरपुर जाएंगे। हमीरपुर जाकर मुख्यमंत्री डा. राधाकृष्णन मैडीकल कॉलेज हमीरपुर के लिए साइट की इंस्पैक्शन करेंगे और फैकल्टी मैंबर को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम तक मुख्यमंत्री शिमला लौट आएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News