Shimla: भाजपा अगर राज्यसभा प्रत्याशी उतारती, तो मुख्यमंत्री की रातों की नींद उड़ जाती : जयराम

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 07:05 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि अगर भाजपा राज्यसभा प्रत्याशी उतारती, तो मुख्यमंत्री की रातों की नींद उड़ जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने राज्यसभा चुनाव में अपने राजनीतिक गुरु से भी छलावा किया। जयराम ठाकुर शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 23 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति वाले नेता को कांग्रेस ने साधारण कार्यकर्त्ता बताकर राज्यसभा प्रत्याशी बनाया, जिससे कई सवाल पैदा होते हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ नेताओं ने तो राज्यसभा नामांकन से जुड़ी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली थीं, क्योंकि उन्हें टिकट देने का आश्वासन दिया गया था।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने तो अपनी पीड़ा सार्वजनिक रूप से व्यक्त करते हुए कहा है कि पार्टी के भीतर सम्मान और संवाद की भावना समाप्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आनंद शर्मा जैसे वरिष्ठ नेता को आत्म सम्मान के साथ राजनीति करने और सच बोलने की कीमत चुकानी पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समय सरकार को मंत्रिमंडल नहीं, बल्कि मित्र मंडली चला रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकांश मंत्री भ्रष्टाचार में डूबे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की तरफ से पूर्व भाजपा सरकार के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप राजनीति से प्रेरित है। फिर भी यदि मुख्यमंत्री को ऐसा लगता है, तो वह कार्रवाई कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री टूअर प्रोग्राम पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के टूअर प्रोग्राम को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में जो भी मुख्यमंत्री रहे हैं, उनके बाकायदा टूअर प्रोग्राम जारी होते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री का टूअर प्रोग्राम कुछ होता है और वह कहीं दूसरी ही जगह पहुंचे होते हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए इस प्रकार की कार्यप्रणाली कई गंभीर प्रश्न खड़े करती है।

भाजपा ने आरडीजी राशि विकास कार्य पर खर्च की
जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) की राशि को विकास कार्य पर खर्च किया। भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगभग 7,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाएं प्रदेश को मिलीं और लगभग 4,700 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण हुआ। इसी तरह हिमकेयर, सहारा और मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया तथा जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल से जल पहुंचाने का काम किया।

अवैध पेड़ कटान व वित्तीय अनियमितताओं पर सरकार मौन
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और राजनीतिक संरक्षण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में केवल 25 पेड़ काटने की अनुमति दी गई थी, लेकिन वहां 300 से अधिक पेड़ काट दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा राजनीतिक संरक्षण के चलते हुआ है तथा जांच को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी तरह मंडी जिले में सामने आए वन कटान में भी भारी अनियमितता के आरोप लगे हैं। उन्होंने एक अन्य परियोजना में 120 करोड़ रुपए भारी अनियमितता के आरोप लगाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News