हिमाचल में मोदी नहीं, धर्म का फैक्टर ज्यादा देखने को मिला : सुक्खू

punjabkesari.in Tuesday, Jun 04, 2024 - 10:13 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश में कांग्रेस ने लोकसभा के साथ ही विधानसभा उपचुनाव को पूरी मजबूती के साथ लड़ा। हालांकि लोकसभा की 4 सीटों पर पार्टी को जीत नहीं मिल पाई लेकिन प्रदेश की जनता ने 6 विधानसभा उपचुनाव में से 4 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को जीताकर 4 जून को सरकार बनाने का सपने देखने वालों को करारा जवाब जरूर दिया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को चुनावी परिणाम आने के बाद अपने सरकारी आवास ओकओवर में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव अलग-अलग मुद्दों पर लड़ा गया लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी है तथा कांग्रेस का मत प्रतिशत 2019 के मुकाबले इस बार 14 प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 2019 में 27.53 प्रतिशत पड़े थे, जो इस बार बढ़कर 41.67 प्रतिशत हो गए हैं। इसी तरह भाजपा को 2019 में 69.71 प्रतिशत मत पड़े थे, जो घटकर 56.44 रह गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने राज्य सरकार के 14 माह के कार्यकाल पर मुहर लगाई है और नीतियों को सराहा है। कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव में रही कमियों पर चिंतन करेगी और आने वाले समय में सुधार लाया जाएगा। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि हिमाचल में मोदी फैक्टर से ज्यादा धर्म का फैक्टर देखने को मिला। प्रदेश में 97 प्रतिशत हिंदू आबादी है और यहां राम मंदिर भी खासा मुद्दा रहा। उन्होंने कहा कि ये चुनाव विशेष इसलिए भी थे कि क्योंकि कांग्रेस के 6 विधायक सरकार को अस्थिर करने के लिए राजनीतिक मंडी में बिके और बाद में भाजपा टिकट से चुनावी मैदान में उतरे लेकिन प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार का साथ दिया और 4 सीटों पर पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की।

34 से बढ़कर 38 हो गई सीटें
सीएम ने कहा कि विधानसभा उपचुनाव में जीत का श्रेय कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्त्ताओं की मेहनत को जाता है। प्रदेश के मतदाताओं और भगवान के आशीर्वाद से कांग्रेस की विधानसभा में 4 सीटें बढ़ी हैं और कांग्रेस पार्टी की सीटें 34 से बढ़कर 38 हो गई हैं। आने वाले 3 विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।

जनता ने ऑप्रेशन लोटस को नकारा
सीएम ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत 4 विधानसभा क्षेत्रों गगरेट, बड़सर, सुजानपुर और कुटलैहड़ में भी उपचुनाव हुए। हालांकि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से अनुराग ठाकुर ने जीत दर्ज की लेकिन गगरेट, सुजानपुर और कुटलैहड़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत हुई। ऐसे में जनता ने लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय मुद्दों पर वोट किए जबकि प्रदेश में भाजपा के ऑप्रेशन लोटस को नकारते हुए कांग्रेस सरकार का साथ दिया।

अब कैसे सरकार बनाएंगे
सीएम ने कहा कि भाजपा बार-बार दावा कर रही थी कि 4 जून को भाजपा की हिमाचल प्रदेश में सरकार बनेगी लेकिन जनता ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को नकार दिया है। ऐसे में भाजपा से पूछा जाना चाहिए कि अब वह हिमाचल प्रदेश में कैसे सरकार बनाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News