Shimla: जयराम की नई दिल्ली में राजनाथ व शाह से मंत्रणा, भाजपा में बढ़ी सियासी हलचल
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 09:35 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नई दिल्ली दौरे से भाजपा के भीतर सियासी हलचल बढ़ गई है। उन्होंने इस दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। पार्टी सूत्रों के अनुसार उन्होंने हिमाचल प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों व संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की है, जिसमें संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रम, बूथ सशक्तिकरण व कार्यकर्त्ता प्रशिक्षण अभियान शामिल है।
जानकारी के अनुसार उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इसमें सीमावर्ती एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण व हिमाचल प्रदेश में रक्षा क्षेत्र से जुड़े बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने, पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के कल्याण, सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क एवं संपर्क सुविधाओं का विस्तार शामिल है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी केंद्रीय रक्षा मंत्री के समक्ष रखा।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से बैठक के दौरान भाजपा के संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई है। इसमें प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्त्ताओं के माध्यम से जन-जन तक पार्टी की विचारधारा और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक हालात एवं संगठन की गतिविधियों से केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत करवाया। अमित शाह ने संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा कार्यकर्त्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर बल देते हुए आगामी कार्यक्रमों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

