Shimla: प्रो-बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भारत की पूनम ने श्रीलंका की लोगानाथन काजिन्थिनी को हराया
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 09:42 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती पर राजधानी के रिज मैदान पर मंगलवार को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भारत की पूनम ने श्रीलंका की लोगानाथन काजिन्थिनी को हराया। इससे पूर्व जसप्रीत और शुभम के बीच खेले गए मुकाबले में जसप्रीत ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रो-बॉक्सिंग ऑर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित इस चैम्पियनशिप के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए। इससे पूर्व चैम्पियनशिप का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह राजनीति के दिग्गज नेता रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैम्पियनशिप उनकी स्मृति में शुरू की गई है। यह प्रयास खेल जगत के साथ-साथ हिमाचल के लिए नई मिसाल पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय मुक्केबाजों के प्रदर्शन को निकट से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिला।
इस अंतर्राष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भारत के मुक्केबाजों ने श्रीलंका, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के फाइटर्स के साथ रोमांचक मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर राजस्व मंत्री जगत नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक हरीश जनारथा, विधायक हरदीप बावा, उप-महापौर उमा कौशल और हिमुडा के वाइस चेयरमैन यशवंत छाज्टा आदि मौजूद रहे।

