Shimla: HPU में बढ़ेगी फीस, अगले सत्र से लागू होगा नया फीस स्ट्रक्चर, ईसी ने लगाई मोहर
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 07:29 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में फीस वृद्धि होगी। इसको लेकर विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद (ईसी) ने निर्णय ले लिया है। वित्तीय तंगहाली और वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश सरकार से मिलने वाले बजट में कटौती होने के बाद शनिवार को विश्वविद्यालय की वित्तीय स्थिति पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान करीब 2 घंटे तक विश्वविद्यालय मेें फीस वृद्धि के मामले पर और वित्तीय स्थिति को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद निर्णय लिया कि अगले शैक्षणिक सत्र से नया फीस स्ट्रक्चर लागू होगा। इसके तहत लगभग सभी मदों पर फीस होगी। सूत्रों के अनुसार ईसी ने अलग-अलग मदों पर 3 से 10 प्रतिशत तक वृद्धि करने पर मोहर लगाई गई है।
ईसी ने फीस को लेकर चर्चा करने के बाद यह निर्णय लिया कि विद्यार्थियों पर अधिक आर्थिक बोझ न पड़े, ऐसे में साधन जुटाने वाली समिति द्वारा पारित की गई कई गुणा वृद्धि को और कम करते हुए मामूली फीस बढ़ौतरी की जाएगी। बैठक में कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि विद्यार्थियों पर फीस का ज्यादा बोझ न पड़े, इसके चलते मामूली फीस वृद्धि ही की जाए, ऐसे मेेंं कुलपति के सुझाव पर ईसी ने मामूली फीस वृद्धि करने का निर्णय लिया है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के बजट में कटौती के बाद अब विश्वविद्यालय को अगले वित्त वर्ष के दौरान 145 करोड़ रुपए से भी कम बजट मिलेगा। हालांकि बजट अभी पूरी तरह से तैयार नहीं हुआ है, लेकिन इस बार भी घाटे का बजट ही पारित होगा। कुलपति प्रो. महावीर सिंह की अध्यक्षता में हुई ईसी की बैठक मेें प्रो-वाइस चांसलर प्रो. राजेंद्र वर्मा, विधायक शिमला शहरी हरीश जनार्था, पूर्व आचार्य मोहन झारटा, प्रधान सचिव (वित्त), निदेशक उच्चतर शिक्षा डा. अमरजीत सिंह, सचिव (शिक्षा) डा. सीता ठाकुर, रजिस्ट्रार ज्ञान सागर नेगी, परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौषल व सुरेश कुमार वर्मा आदि उपस्थित रहे।
12 वर्ष पूर्व हुई थी फीस वृद्धि
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय मेें वर्ष 2014 के उपरांत बीते 12 वर्षों से शुल्क संरचना में बढ़ौतरी नहीं की गई है। हालांकि 2014 से आरएमसी ने हर वर्ष 10 प्रतिशत फीस बढ़ौतरी का प्रावधान किया गया था। सूत्रों के अनुसार अगले शैक्षणिक सत्र में कुछ अलग-अलग मदों पर 10 प्रतिशत से अधिक और 30 प्रतिशत तक की फीस वृद्धि भी होगी। कार्यकारिणी परिषद ने अन्य विश्वविद्यालयों की शुल्क संरचना के आधार पर विस्तृत चर्चा की और उसमें पाया कि पड़ोसी विश्वविद्यालयों की शुल्क संरचना एचपीयू से कई गुणा अधिक है।
एचपीयू खरीदेगा एक नई बस, ईसी के फैसलों पर एक नजर
- ईसी ने 7 सहायक आचार्यों के पदों को भरने की स्वीकृति दी।
- ईसी ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक नई बस खरीदने की स्वीकृति प्रदान की।
- ईसी ने गैर शिक्षक कर्मचारियों के पदों को भरने के लिए सरकार से इस विषय पर चर्चा करने के उपरांत भरने की स्वीकृति दी।

