Shimla: हिमाचल कांग्रेस के पुनर्गठन का खाका तैयार, दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री सुक्खू

punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 07:47 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस के पुनर्गठन का खाका तैयार हो गया है। इसी कड़ी में अब जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी की घोषणा हो सकती है। वहीं बीते दिन दिल्ली दौरे पर गए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भी वापस लौट आए हैं। वह दिल्ली से चंडीगढ़ तक फ्लाइट में आए। सूचना के अनुसार एक दिवसीय दिल्ली दौरे में मुख्यमंत्री ने कुछ केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। चर्चा ये है कि ऐतिहासिक रिज मैदान में स्थापित की गई पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के 13 अक्तूबर को होने वाले अनावरण के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी की घोषणा हो सकती है।

देखा जाए तो कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में शिमला संसदीय क्षेत्र के नेताओं के नाम सबसे आगे हैं। मंत्रियों में से अध्यक्ष पद के लिए रोहित ठाकुर का नाम सबसे आगे है। इसी तरह जातीय समीकरण के अनुसार विनय कुमार अध्यक्ष के लिए प्रबल दावेदार बताए जा रहे हैं। बीते माह उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी मुलाकात की थी। वे भी कह चुके हैं कि हाईकमान उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपेगा उसे निभाने के लिए तैयार है। एआईसीसी प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर का नाम भी अध्यक्ष पद के लिए लिया जा रहा है। उन्हें हाईकमान का भी करीबी माना जाता है।

हालांकि वे खुद अध्यक्ष बनने के लिए इंकार कर चुके हैं। हाईकमान चाहता है कि उन्हें कमान सौंपी जाए। राठौर जब पूर्व में अध्यक्ष थे तो भाजपा के सत्तासीन होते हुए उन्होंने संगठन को न केवल मजबूत किया बल्कि उप चुनाव में भी जीत दिलाई। उनके नेतृत्व में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया था।

कसौली से विधायक विनोद सुल्तानपुरी व अर्की से विधायक संजय अवस्थी के नाम की भी चर्चा हो चुकी है। इसके साथ ही जिला कांगड़ा से आयुर्वेद मंत्री यादवेंद्र गोमा व पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल का नाम भी अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा है। गोमा कांग्रेस एससी विभाग के अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि बुटेल सीपीएस रह चुके हैं। ऐसे में पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं में नई कार्यकारिणी को लेकर अटकलों का दौर जारी है।

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से संभावना कम
भोरंज के विधायक सुरेश कुमार के नाम पर भी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चर्चा हो चुकी है। हालांकि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री दोनों हैं। ऐसे में अध्यक्ष जैसा बड़ा पद हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिले, इसकी संभावना कम है। वहीं सूचना के अनुसार उप मुख्यमंत्री का भी मंगलवार को दिल्ली जाने का कार्यक्रम था, लेकिन वह रद्द हो गया है। वहीं 13 अक्तूबर को कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल शिमला आएंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News