Weather Update: ताजा बर्फबारी के साथ फिर करवट लेगा मौसम, वर्षा व बर्फबारी की संभावना

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 07:45 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्य की ऊंची चोटियों पर एक बार फिर सफेद चांदी बरसा है। ताजा बर्फबारी व फाहों के साथ मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जनजातीय और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में रात से शुरू हुई हल्की बर्फबारी ने ठंड का असर बढ़ा दिया है, जबकि निचले और मध्य पर्वतीय इलाकों में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। जनजातीय और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में रात से शुरू हुई हल्की बर्फबारी से तापमान लुढ़का है। दोपहर बाद अटल टनल रोहतांग के छोर पर भी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। पर्यटक बर्फ के फाहे गिरते देख झूम उठे। राजधानी शिमला में बूंदाबांदी हुई, जबकि कई शहरों में सुबह से ही सर्द हवाओं के कारण लोगों को गर्म कपड़ों और हीटर व अलाव का सहारा लेना पड़ा है।

23 फरवरी को फिर मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में रहेगी हलचल
मौसम विभाग के अनुसार आज कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना बनी रह सकती है, जबकि 19 से 22 फरवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद 23 फरवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ऊंचे क्षेत्रों में फिर हल्की बर्फबारी और कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई गई है।

जनजातीय इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे
प्रदेश के विभिन्न शहरों में दर्ज न्यूनतम तापमान के अनुसार कई स्थानों पर सर्दी का असर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। शिमला में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। सुंदरनगर में 9.9, भुंतर में 9.2, धर्मशाला में 9.4, ऊना में 9, नाहन में 9.5, पालमपुर में 10 और सोलन में 6 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मनाली में 5.4, कांगड़ा में 10.5, मंडी में 9.7, बिलासपुर में 10.5 और जुब्बड़हट्टी में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News