Weather update: हिमाचल में बर्फबारी के आसार, 7 जिलों में तूफान-बिजली गिरने का यैलो अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 11:11 PM (IST)
शिमला (संतोष): राज्य में सोमवार सुबह मौसम ने करवट ले ली और कई इलाकों में बादल छा गए। राजधानी शिमला व मनाली में आसमां पर बादलों का डेरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके असर से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने व पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को इस सिस्टम का असर सबसे अधिक रहेगा और मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश व बर्फबारी के आसार हैं, जबकि 7 जिलों चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर व लाहौल-स्पीति में गरज-चमक, तेज हवाओं तथा बिजली गिरने को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक कुछ स्थानों पर 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि 11 से 13 फरवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि 14 व 15 फरवरी को उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की हलचल रहेगी।
मौसम में बदलाव के बीच प्रदेश में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। खासतौर पर जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी जारी है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 9.9 और कुकुमसेरी में माइनस 9.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर के कल्पा में तापमान 0.4 डिग्री रहा।
पर्यटन स्थलों में मनाली का तापमान 2.9, सराहन में 3.4, सेओबाग में 3.6, सोलन में 4.5, धर्मशाला में 5.5, भुंतर में 5.7 और बिलासपुर में 6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रहा, जबकि सुंदरनगर में 7.2 डिग्री और ऊना में 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह कांगड़ा में 8, मंडी और जुब्बड़हट्टी में 8.2-8.2, कसौली में 8.3, नाहन में 9.3, नेरी में 9.5, देहरा गोपीपुर में 10, पालमपुर में 10.5 और पांवटा साहिब में 11 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों की आवाजाही बढ़ने और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना के कारण अगले 2 दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों, खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करने वालों और किसानों को मौसम अपडेट पर नजर रखने तथा खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

