Weather Updates: दो जिलाें में घने कोहरे का यैलो अलर्ट, प्रदेश में फिर बर्फबारी के आसार
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 10:17 PM (IST)
शिमला (संतोष): राज्य में साफ मौसम के बीच में अब बिलासपुर व मंडी में घने कोहरे का प्रकोप बना हुआ है। गुरुवार को भी दोनों जिलों में घना कोहरा छाया रहा। बिलासपुर में दृश्यता 50 मीटर और मंडी में 100 मीटर तक सीमित रही, जबकि शुक्रवार को भी इन दोनों जिलों में घना कोहरा छाए रहने का यैलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दृश्यता में कमी आएगी। राज्य में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है और गुरुवार को ज्यादातर इलाकों में धूप खिली रही। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 16 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से 17 और 18 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। राज्य में दिन के समय लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है। गुरुवार को नेरी में अधिकतम तापमान 26.7, ऊना में 26 और शिमला में 19.4 डिग्री रहा।
हालांकि रात के तापमान में गिरावट के कारण सर्दी का असर बना हुआ है। खासतौर पर जनजातीय जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और कई स्थानों पर पारा शून्य से नीचे बना हुआ है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 8.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। कुकुमसेरी में भी पारा माइनस 8.3 डिग्री सैल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में शीत लहर जैसे हालात बने हुए हैं। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। सुंदरनगर में 5.1, भुंतर में 3.5, कल्पा में 1.4, धर्मशाला में 5.2, ऊना में 7.2, नाहन में 9.6, पालमपुर में 6.5, सोलन में 4.3, मनाली में 2.1, कांगड़ा और मंडी में 6.2-6.2, बिलासपुर में 7 और जुब्बड़हट्टी में 8.6 डिग्री रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि 13 से 16 फरवरी तक अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा। 17 और 18 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इससे तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है। विभाग का कहना है कि लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है। फिलहाल लोगों को सुबह-शाम ठंड से सतर्क रहने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Weather Update: बिलासपुर-कांगड़ा समेत इन जिलों में कोहरे का यैलाे अलर्ट, 10 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम
Himachal Weather Update: हिमाचल के इन जिलों में घने कोहरे का ''येलो अलर्ट'', जानें अगले 5 दिन का हाल

