हिमाचल को अगले माह मिलेगा नया मुख्य सचिव

punjabkesari.in Sunday, Mar 23, 2025 - 11:30 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश को अगले माह यानी अप्रैल में नया मुख्य सचिव मिलेगा। वर्तमान मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना 6 दिन बाद 29 मार्च को सेवानिवृत्त हो रहे है। 30 व 31 मार्च को अवकाश होने के कारण वह 2 दिन पहले 29 मार्च को सेवानिवृत्त होंगे। ऐसे में राज्य में नए मुख्य सचिव को लेकर कयास लगने शुरू हो गए हैं। उधर राज्य में मुख्य सचिव की दौड़ में 3 अधिकारी सबसे ऊपर हैं। इसमें सबसे वरिष्ठ 1988 बैच के आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता हैं। वरिष्ठता में उसके बाद 1993 बैच के आईएएस अधिकारी केके पंत तथा जिला चंबा से संबंध रखने वाले 1999 बैच के आईएएस अधिकारी ओंकार शर्मा शामिल है।

हालांकि प्रदेश का नया मुख्य सचिव कौन होगा, उस पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लेंगे, लेकिन राज्य में इन 3 नामों की चर्चा प्रमुख है। उधर नए मुख्य सचिव के बनने के बाद राज्य में अफसरशाही में फेरबदल भी होगा। वहीं 1990 बैच के आईएएस अधिकारी एवं वर्तमान मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना 31 दिसम्बर, 2022 को मुख्य सचिव बने थे।

उन्होंने रियल एस्टेट रैगुलेटरी (रैरा) के अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया है। उनके साथ 14 और अधिकारियों व अन्यों ने भी इसके लिए आवेदन किया है। रैरा में अध्यक्ष पद का कार्यकाल 5 वर्ष का होता है। पूर्व मुख्य सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी भी सेवानिवृत्ति के बाद रेरा में चले गए थे। अब उनका कार्यकाल पूरा हुए करीब 3 माह होने जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News