Weather Update: हिमाचल को मिलेगी राहत! मानसून की बारिश होगी कम, जानिए अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
punjabkesari.in Friday, Sep 05, 2025 - 11:15 AM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मानसून की बारिश की मार झेल रहे लोगों को अब राहत मिलेगी। मानसून आने वाले दिनों में कमजोर पड़ेगा। मौसम विभाग ने 6 से 10 सितम्बर तक मानसून की हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं भी भारी वर्षा का अलर्ट व चेतावनी नहीं दी गई है।
प्रदेश में पिछले दिनों हुई लगातार व्यापक वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। शुक्रवार सुबह तक प्रदेश भर में 4 नैशनल हाईवे (एनएच-03, एनएच-05, एनएच-505 और एनएच-305) सहित 1213 सड़कें अवरुद्ध हैं, जिससे लोगों को लंबा सफर तय करने में भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सबसे अधिक सड़कें मंडी, कुल्लू, शिमला और चम्बा में बंद पड़ी हैं। बारिश से विद्युत और पेयजल आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। प्रदेश में 1868 ट्रांसफार्मर ठप्प पड़े हैं, वहीं 669 पेयजल योजनाएं प्रभावित चल रही हैं। मानसून सीजन में अब तक भारी तबाही हो चुकी है। प्रदेश में अब तक वर्षा जनित हादसों में 343 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 43 लोग लापता और 398 घायल हैं। राज्य सरकार ने सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुक्सान का प्रारंभिक आकलन 3690 करोड़ रुपए लगाया है।