हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष का सुरक्षा घेरा बढ़ा

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2024 - 08:34 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश में चल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है। इसके तहत अब उनके काफिले में एस्काॅर्ट के साथ ही सशस्त्र पुलिस कर्मियों से लैस पायलट भी साथ चलेगी। पहले जिला पुलिस दौरे के दौरान पायलट उपलब्ध करवाती थी। इसके साथ ही अब 2 पी.एस.ओ. भी 24 घंटे उनके साथ रहेंगे। हाल ही में गृह सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय संयुक्त सचिव समीक्षा समिति की बैठक सचिवालय में हुई थी। इसमें विधानसभा बजट सत्र और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए स्पीकर का सुरक्षा घेरा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत उनके आवास पर 1 हैड कांस्टेबल और 4 कांस्टेबलों की तैनाती रहेगी।

इसके साथ ही एस्कॉर्ट और पायलट में क्रमश: 1 एन.जी.ओ. ग्रेड-1 और एन.जी.ओ. ग्रेड-11 के 3 जवान हथियारों से लैस रहेंगे। यही नहीं जब भी विधानसभा अध्यक्ष जिलों का दौरा करेंंगे तो संबंधित जिला एस.पी. को ट्रैफिक व्यवस्था के साथ ही अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। गौर हो कि विधानसभा के बजट सत्र और प्रदेश में राज्यसभा के लिए हुए चुनावों के बाद सियासी माहौल गर्माया हुआ है। हिमाचल विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित किए जाने के खिलाफ कांग्रेस के 6 बागियों द्वारा सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिस पर 2 बार सुनवाई हो चुकी है। वहीं चुनाव आयोग भी 6 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की घोषणा कर चुका है। भाजपा के 9 विधायकों को संविधान के अनुच्छेद-194 के तहत नोटिस जारी किए हैं।

सी.आर.पी.एफ. के घेरे में बागी
कांग्रेस के 6 बागियों सहित 3 निर्दलीय विधायक सी.आर.पी.एफ. के घेरे में हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से यह सुरक्षा प्रदान की गई है। गौर हो कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 6 बागियों ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ वोट डाला था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News