Shimla: अपनी पार्टी व सरकार संभालने के साथ काम गिनाएं लोन प्रिय मुख्यमंत्री : जयराम

punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 09:23 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को अपनी पार्टी व सरकार संभालने की सलाह दी है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लोकप्रिय नहीं, बल्कि लोन प्रिय मुख्यमंत्री हैं। जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री को उड़ान योजना के लिए केंद्र का आभार जताना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल को संभाल पाने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक कल्याणकारी राज्य की बजाय शुल्क की सरकार चलाने वाले मुख्यमंत्री जीवन भर एक गुट की राजनीति करते रहे और आज भी सिर्फ एक गुट की सरकार ही चला रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के साथ 4 लोग खड़े नहीं हैं। उन्होंने उड़ान योजना के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया तथा मुख्यमंत्री को इसका श्रेय लेने की बजाय केंद्र सरकार का आभार जताने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सिर्फ अराजकता और भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है। आपदा से जो सड़कें टूटी हैं, वे आज तक वैसी ही हैं। नशा पूरे प्रदेश में तांडव मचा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाएं गर्त में जा रही हैं। लोगों को न हिम केयर का लाभ मिल रहा है और न ही आयुष्मान का? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की नाकामियों को उजागर करने वालों के खिलाफ मुकद्दमे दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि उनकी आवाज दबाई जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News