Shimla: मंडी में होगा सरकार के 3 वर्ष पूरे करने का राज्य स्तरीय समारोह : सुक्खू
punjabkesari.in Wednesday, Nov 12, 2025 - 05:15 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि 11 दिसम्बर को कांग्रेस सरकार के 3 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर मंडी जिला में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल के चयन के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और धर्मपुर विधायक चंद्रशेखर को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह जानकारी प्रदेश सचिवालय में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
बैठक में उच्च प्रशासनिक अधिकारी, प्रशासनिक सचिव एवं विभागाध्यक्षों ने भाग लिया, जबकि सभी उपायुक्त वर्चुअल माध्यम से जुड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में पिछले 3 वर्ष के दौरान वर्तमान राज्य सरकार की तरफ से व्यवस्था परिवर्तन पहल के माध्यम से हासिल सकारात्मक परिवर्तन को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। इस अवसर पर सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न विभागों में सुधारों पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह को सूचना एकत्र करने के लिए समन्वयक नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार किए हैं, जिससे राज्य भर के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था में सुधार के साथ राजस्व सृजन में लगातार वृद्धि हो रही है।
सरकारी योजनाओं के लाभार्थी कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार के 3 वर्ष के कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भाग लेंगे। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान करने वाले व्यक्तियों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इस कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
2 वर्ष के लिए रोडमैप तैयार करने के निर्देेश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकासात्मक गतिविधियों में तेजी लाने और जमीनी स्तर पर सरकार की प्राथमिकताओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए 2 वर्षीय रोडमैप तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने लोगों के घर-द्वार तक और अधिक सेवाएं पहुंचाने, डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने और सभी विभागों में सुशासन को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. धनी राम शांडिल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और मुख्य सचिव संजय गुप्ता भी उपस्थित थे। राज्य के सभी उपायुक्त भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
सचिवालय परिसर में जन समस्याएं भी सुनी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सचिवालय परिसर में जन समस्याएं भी सुनी। इस दौरान कई प्रतिनिधिमंडल भी मुख्यमंत्री से मिले तथा अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उनको सौंपा। कई लोग अपने क्षेत्र तथा सरकारी क्षेत्र से जुड़े विषयों को लेकर भी मिले। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अधिकारियों को कई समस्याओं के मौके पर निपटारा करने के निर्देश भी दिए।

