20 सितंबर से होगा अब ‘शिमला फैस्ट’, जनता सहित पर्यटकों का होगा मनोरंजन
punjabkesari.in Friday, Aug 31, 2018 - 10:31 AM (IST)
शिमला (जय): जून माह में होने वाला शिमला फैस्ट अब सितंबर माह में आयोजित किया जाएगा। राजधानी में पानी की कमी के चलते शिमला फैस्ट का आयोजन नहीं हो पाया था लेकिन अब सितंबर में इसका आयोजन होगा। ऐसे में इस दौरान राजधानी की जनता सहित पर्यटकों का इस फैस्ट में मनोरंजन होगा। जिलाधीश शिमला अमित कश्यप ने कहा कि जिला प्रशासन शिमला द्वारा 20 से 23 सितंबर तक ‘शिमला फैस्ट’ का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि इस फैस्ट के दौरान 4 सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। 23 सितम्बर को गायक मोहित चौहान स्टार कलाकार होंगे। सभी सांस्कृतिक संध्या में स्टार कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। फैस्ट में पहाड़ी नाइट, फैशन शो व अन्य स्पर्धाओं का आयोजन भी किया जाएगा।
सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है शिमला
शिमला आरंभ से ही सांस्कृतिक गतिविधियों के आकर्षण का केंद्र रहा है। शिमला फैस्ट के आयोजन से यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच प्राप्त होगा। जिलाधीश ने जिला के वरिष्ठ अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।

