Shimla: एचपीयू व कालेजों में अब विद्यार्थियों को देनी होगी बढ़ी हुई परीक्षा फीस
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 04:19 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) सहित संबद्धता प्राप्त कालेजों में अब बढ़ी हुई परीक्षा फीस देनी होगी। विश्वविद्यालय ने वित्तीय तंगहाली के बीच फीस वृद्धि की है और शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों स्नातक कोर्सिज यानी कि बीए, बीएससी, बीकॉम के अलावा बीसीए, बीटीए सहित एमबीबीएस कोर्सिज की परीक्षा फीस भी बढ़ाई गई है। हाल ही में हुई ईसी की बैठक में रखे गए फीस वृद्धि संबंधित दस्तावेज के तहत प्रस्तावित फीस स्ट्रक्चर के अनुसार अगले सत्र से बीए के रैगुलर विद्यार्थियों की थियोरी परीक्षा फीस 800 रुपए से बढ़ाकर 1200 रुपए की गई है, जबकि प्रैक्टीकल फीस 100 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए की गई है। इसके अलावा बी.ए. प्राइवेट/रि-अपेयर की थियोरी परीक्षा फीस 500 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए की गई है, जबकि प्रैक्टीकल फीस 100 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए की गई है।
इसके अलावा बीकॉॅम के रैगुलर विद्यार्थियों की थियोरी परीक्षा फीस 1200 रुपए से बढ़ाकर 1800 रुपए की गई है, जबकि प्रैक्टीकल फीस 100 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए की गई है। बीकॉॅम प्राइवेट/रि-अपेयर की थियोरी परीक्षा फीस 800 रुपए से बढ़ाकर 1800 रुपए की गई है, जबकि प्रैक्टीकल फीस 100 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए की गई है। बीएससी के रैगुलर विद्यार्थियों की थियोरी परीक्षा फीस 1200 रुपए से बढ़ाकर 1800 रुपए की गई है, जबकि प्रैक्टीकल फीस 100 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए की गई है।
बीएससी कोर्स की प्राइवेट/रि-अपेयर की थियोरी परीक्षा फीस 800 रुपए से बढ़ाकर 1800 रुपए की गई है, जबकि प्रैक्टीकल फीस 200 रुपए से बढ़ाकर 300 रुपए की गई है। बीसीए, बीबीए,बीटीए/एफवाईआईसीटीए कोर्सिज के रैगुलर विद्यार्थियों की परीक्षा फीस 1000 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए और प्राइवेट/रि-अपेयर की थियोरी परीक्षा फीस 1500 रुपए की गई है।
बीएड की रैगुलर सैमेस्टर पैटर्न के तहत रैगुलर परीक्षा फीस 1400 रुपए से बढ़ाकर 2500 रुपए हो जाएगी, जबकि सीडीओई के बीएड वार्षिक कोर्स की रैगुलर परीक्षा फीस 2800 रुपए से बढ़ाकर 4 हजार रुपए होगी। यह परीक्षा प्राइवेट/रि-अपेयर के विद्यार्थियों के लिए सैमेस्टर पैटर्न के तहत परीक्षा फीस अब 3 हजार रुपए और वार्षिक रि-अपेयर फीस होगी। मैडीकल कोर्सिज के तहत परीक्षा फीस केवल रि-अपेयर पेपरों के लिए बढ़ाई गई है और इसमें 1 हजार से बढ़ाकर 2 हजार रुपए प्रति पेपर की गई है। इसके अलावा एमए/एमकॉम कोर्सिज के परीक्षा फीस में वद्धि की गई है।
एमबीए, एमटीए, बीएचएम, एमसीए की परीक्षा फीस 1500 रुपए से बढ़ाकर 2250 रुपए तक होगी। इसके पीजी कोर्सिज की परीक्षा फीस में वृद्धि की गई है। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि इस परीक्षा फीस स्ट्रक्चर के अनुसार अभी भी एचपीयू की फीस अन्य राज्यों के विश्वविद्यालयों की तुलना में काफी कम है। अगले सत्र के शुरू होने से पहले फाइनल फीस स्ट्रक्चर अधिसूचित कर दिया जाएगा।
एचपीयू से सर्टीफिकेट, डिग्री, फॉर्म लेना भी महंगा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) से सर्टीफिकेट, डिग्री, फॉर्म आदि लेना महंगा हो गया है। बढ़ी हुई दरें अगले शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होंगी। 12 वर्ष में इसमें वृद्धि की गई है। इसके तहत डुप्लिकेट सर्टीफिकेट/डिग्री पहली बार लेने पर 300 रुपए के बजाय 600 रुपए, दूसरी बार पर 600 रुपए के बजाय 1200 रुपए और तीसरी बार लेने पर 1200 रुपए के बजाय अब 2400 रुपए फीस देनी होगी। इसके अलावा प्रोविजनल डिग्री सर्टीफिकेट पहली बार लेने पर 500 रुपए के 1 हजार रुपए, दूसरी बार पर 1 हजार रुपए के बजाय 1500 रुपए, तीसरी बार लेने पर 1500 रुपए के बजाय 3 हजार रुपए देने होंगे।
पेपरवाइज डिटेल्ड मार्क्स प्रति सब्जैक्ट अब 300 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए, पेपरवाइज डिटेल्ड मार्क्स सभी सब्जैक्ट 300 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए किया गया है। डुप्लिकेट रजिस्ट्रेशन कार्ड लेने के लिए 200 रुपए के बजाय 500 रुपए देने होंगे। परीक्षा फॉर्म की कॉपी लेने के लिए भी 200 रुपए के बजाय 500 रुपए देने होंगे, जबकि सभी यूजी/पीजी के रजिस्ट्रेशन फॉर्म की फीस अब 200 रुपए होगी।
देरी से परीक्षा फॉर्म जमा करवाने पर देनी होगी अधिक लेट फीस
देरी से परीक्षा फॉर्म जमा करवाने पर अब विद्यार्थियों को अधिक लेट फीस देनी होगी। विश्वविद्यालय ने लेट फीस में वृद्धि की है। इसके तहत प्रति परीक्षा फॉर्म जमा करवाने की प्रक्रिया के दौरान अगर कोई विद्यार्थी तय तिथि के 15 दिन बाद फॉर्म जमा करवाता है तो उन्हें लेट फीस के तौर उन्हें 1200 रुपए के बजाय 1800 रुपए, परीक्षा शुरू होने के 20 दिन पहले फॉर्म जमा करवाने पर 3600 रुपए के बजाय 7200 रुपए देने होंगे। अनुमति मिलने पर विशेष परीक्षा देने के लिए 50 हजार रुपए फीस देनी होगी।

