Himachal : सोलन में 3 लोगों पर हमला करने के आरोप में 20 लोग गिरफ्तार, पुराना विवाद बना वजह

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 06:07 PM (IST)

Solan News : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में धारदार हथियारों से हमला करके तीन लोगों को कथित तौर पर घायल करने के आरोप में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को संदेह है कि हमले के पीछे का कारण कोई पुराना विवाद है। पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान वार्ड नंबर सात के निवासी हर्ष (23), सिरमौर जिले के ललित किशोर (23) और बानो गांव के निवासी ललित कुमार (26) के रूप में हुई है। 

धारदार हथियार से किया हमला 

शिकायतकर्ता ने बताया कि यह घटना शनिवार को उस वक्त हुई, जब कई लोगों ने एक बालिका विद्यालय के पास उसके (शिकायतकर्ता के) चचेरे भाई को घेर लिया, जिससे बहस शुरू हो गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इसके बाद वह कुछ दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा और कुछ लोगों द्वारा जबरन आईटीआई की ओर ले जाए जा रहे अपने चचेरे भाई को उनलोगों के चंगुल से बचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे घटनास्थल से निकलकर धोबीघाट कॉलोनी की ओर जा रहे थे, तो धारदार हथियारों से लैस 15 से 20 लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनपर हमला करना शुरू कर दिया। 

20 लोगों को किया गया गिरफ्तार 

पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान तीनों घायल हो गए और उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि ललित कुमार को आगे के इलाज के लिए शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया। सोलन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) थिरुमाला राजू एसडी वर्मा ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 191(3) (दंगा करना और घातक हथियार से लैस होना) और 190 (गैरकानूनी सभा) के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है और प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि उनके बीच झड़प एक चल रहे विवाद का परिणाम थी। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News