शिमला का सफर होगा आसान: इस दिन से चलेगी ''समर स्पेशल'' ट्रेन

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 09:49 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे ट्रैक पर सफर करने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। गर्मियों की छुट्टियों में भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे विभाग 15 मई के बाद एक अतिरिक्त 'समर स्पेशल ट्रेन' चलाने की तैयारी कर रहा है। पिछले साल समरहिल के पास पुल मरम्मत कार्य की वजह से यह सुविधा नहीं मिल पाई थी, लेकिन इस बार सैलानी जुलाई के अंत तक इस विशेष ट्रेन का आनंद ले सकेंगे।

वर्तमान में इस रूट पर हिमालयन क्वीन और शिवालिक डीलक्स जैसी पांच प्रमुख ट्रेनें चल रही हैं, जो पूरी तरह पैक हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या और बुकिंग की दिक्कतों को देखते हुए उत्तर रेलवे जल्द ही इस नई स्पेशल ट्रेन का समय और किराया घोषित करेगा। इसके अलावा, पर्यटकों की मांग पर रेल मोटर कार और चार्टर्ड ट्रेनों का विकल्प भी खुला रखा गया है।

इस सफर की कुछ खास बातें:

कालका से शिमला के बीच यह नैरोगेज लाइन (2 फीट 6 इंच चौड़ी) अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। इस सफर के दौरान ट्रेन 103 सुरंगों और 869 पुलों से होकर गुजरती है। बड़ोग स्टेशन की 33 नंबर सुरंग सबसे लंबी है। पूरे मार्ग पर 919 घुमाव आते हैं, जहाँ ट्रेन 48 डिग्री के तीखे कोण तक मुड़ती है, जो सैलानियों को एक अलग रोमांच का अनुभव कराता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य रेल प्रबंधक (अंबाला), नवीन कुमार के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 15 मई के बाद ट्रेन संचालन की योजना है ताकि जुलाई अंत तक सैलानियों का सफर आसान बनाया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News