Shimla: बिजली बोर्ड फील्ड कर्मचारियों को मिलेगा अब मोबाइल भत्ता व प्रोटैक्शन अलाऊंस

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 04:38 PM (IST)

शिमला (राजेश): बिजली बोर्ड में दिन रात फील्ड में सेवाएं दे रहे तकनीकी कर्मचारियों को अब मोबाइल भत्ता व प्रोटैक्शन अलाऊंस मिलेगा। इस संबंध में बोर्ड प्रबंधन ने निर्देश जारी कर दिए हैं। बिजली बोर्ड तकनीकी कर्मचारियों की पिछले लंबे समय से की जा रही मांग को बोर्ड प्रबंधन ने पूरा कर दिया है। वहीं बिजली बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रयास भी सफल हुए हैं। ऐसे में 2018 में छुटे हुए फील्ड स्टाफ को अब मोबाइल भत्ता मिलेगा। आदेशों के अनुसार फोरमैन एम एंड टी, पी एंड टी, पीएचई, एचएम, फोरमैन सब स्टेशन, सब स्टेशन अटैैडैंट, इलैक्ट्रीशियन, एम एंड टी, पी एंड टी, पीएचई एचएम को 200 रुपए मासिक मोबाइल भत्ता मिलेगा।

हैल्पर सब स्टेेशन एम एंड टी, पी एंड टी, पीएचई एचएम को 150 रुपए मासिक मोबाइल भत्ता मिलेगा। बिजली बोर्ड के तकनीकी कर्मचारी फोरमैन, लाइनमैन, एसएसए, हैल्पर विषम भौगोलिक परिस्थितियों और जानलेवा जोखिम के बीच काम करते हैं। एक कनिष्ठ अभियंता या उच्च अधिकारी को मोबाइल की सुविधा दी जाती है, तो वह कर्मचारी जो सब-स्टेशन एवं पावर हाऊस में बैठकर वास्तविक फाल्ट ठीक करता है और रात-बेरात सूचनाओं का आदान-प्रदान करता है, उसे अपने निजी खर्च पर विभागीय संचार क्यों करना चाहिए। ऐसे में तकनीकी कर्मचारी संघ यह मांग कर रहा था कि फील्ड के अन्य कर्मचारियों को भी मोबाइल भत्ता जारी किया जाए।

तकनीकी कर्मचारियों के अब 100 रुपए में मिलेगा प्राटैक्शन अलाऊंस
बिजली बोर्ड के तकनीकी कर्मचारी पिछले कई समय से फील्ड कर्मचारी प्राटैक्शन अलाऊंस भी देने की मांग कर रहे थे। ऐसे में निगम प्रबंधन ने इस मांग को पूरा करते हुए प्राटैक्शन अलाऊंस देने का भी निर्णय लिया है। आदेशों के अनुसार जेई इलैक्ट्रिकल, जेई टैस्ट, इलैक्ट्रीशियन, हैल्पर और हैल्पर सब स्टेशन को 100 रुपए प्रोटैक्शन अलाऊंस मिलेगा। ऐसे में वर्ष भर में 1200 रुपए प्रोटैक्शन अलाऊंस कर्मचारियों को मिलेगा। प्रोटैक्शन विंग बनने से इसमें कार्यरत कर्मचारी प्रोटैक्शन भत्ते से वंचित थे।

संघ के प्रयास हुए सफल, कर्मचारियों को मिले लाभ : रणबीर सिंह
तकनीकी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रणबीर सिंह ठाकुर व महासचिव चमन लाल शर्मा ने कहा कि संघ पिछले कई समय से यह मांग बोर्ड प्रबंधन से कर रहा था। वहीं बीते वर्ष बोर्ड प्रबंधन के साथ हुई बैठक में इन्हें मांगा था। जिन्हें अब पूरा किया गया है। मोबाइल भत्ता 150 और 200 की राशि वर्तमान महंगाई के दौर में कम लग सकती है लेकिन तकनीकी कर्मचारी संघ के लिए यह नीतिगत जीत है।

मोबाइल भत्ता राशि को 150 से 400 रुपए प्रतिमाह तक बढ़ाया जाना चाहिए : नीतिश भारद्वाज
बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन प्रदेशाध्यक्ष नीतीश भारद्वाज व महासचिव प्रशांत शर्मा ने कहा कि प्रोटैक्शन विंग नया विंग बनने के बाद इसमें कार्यरत कर्मचारी प्रोटैक्शन भत्ते से वंचित थे जबकि इसमें कार्यरत कर्मचारी भी जोखिम वाला कार्य कर रहे थे। वहीं वर्तमान में बोर्ड में फील्ड स्टाफ को 75 रुपए से 100 रुपए प्रतिमाह मोबाइल भत्ता प्रदान किया जा रहा है, जिसे अब कुछ अन्य श्रेणियों तक भी विस्तारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि मोबाइल रिचार्ज दरों में पिछले वर्षों में भारी वृद्धि हुई है, जबकि वर्तमान मोबाइल भत्ता लगभग 10 वर्ष पूर्व निर्धारित किया गया था। इसलिए बोर्ड में मोबाइल भत्ता राशि को 150 रुपए से 400 रुपए प्रतिमाह तक बढ़ाया जाना चाहिए तथा इसे दोगुना करने पर विचार किया जाना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News