Shimla: सरकारी क्षेत्र में रोजगार घटा, अंशकालिक व दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी भी कम हुए

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 07:25 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में कर्मचारियों की संख्या लगातार घटती जा रही है। राज्य में वर्ष, 2010 में नियमित सरकारी कर्मचारियों की संख्या 1,90,560 से घटकर वर्ष, 2025 में 1,75,579 पहुंच गई है। इसी तरह अंशकालिक कर्मचारियों की संख्या 13,088 से घटकर 5,960 हो गई है। दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की संख्या भी 11,551 से कम होकर 4,054 पहुंच गई है।

हैरानी इस बात की है कि समय के साथ राज्य की जनसंख्या में वृद्धि होने के साथ सरकारी क्षेत्र में कार्यालयों की संख्या बढ़ी है, लेकिन उस हिसाब से रोजगार में वृद्धि नहीं हुई है। हालांकि सरकारी कार्यालयों में पहले जो काम फाइलों पर होता था, वह धीरे-धीरे ऑनलाइन होने से काम का बोझ कम हुआ है, लेकिन उसके हिसाब से भी कर्मचारियों की भर्ती नहीं हुई है।

राज्य में बेरोजगारी दर राष्ट्रीय औसत से अधिक
प्रदेश के वित्तीय वर्ष, 2025-26 में बेरोजगारी दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। इसके तहत 15 से 29 वर्ष के युवाओं में राज्य में बेरोजगारी दर 16.3 फीसदी है। यह राष्ट्रीय औसत 10.2 फीसदी से काफी अधिक है।

विदेश से 2,030 करोड़ की कमाई
समय के साथ हिमाचल प्रदेश में रोजगार के अवसर सिकुड़ने से अब युवा पीढ़ी अब विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर तलाशने में जुट गई है। जानकारी के अनुसार राज्य से करीब 10 हजार युवा रोजगार की तलाश में विदेशों में जाते हैं। विदेश जाने वाले ये युवा हर वर्ष करीब 2,030 करोड़ रुपए अपने देश को भेजते हैं। इसके अलावा करीब 5 हजार युवा पढ़ाई के सिलसिले में विदेश जाते हैं। प्रदेश की जनसंख्या के हिसाब से प्रति 1 हजार लोगों पर यह संख्या महज 5.36 फीसदी है। देश में इस मामले में केरल का नाम सबसे ऊपर है।

पिछले 5 वर्ष में सरकारी क्षेत्र में कर्मचारी संख्या
वर्ष नियमित अंशकालिक कर्मचारी दैनिक वेतनभोगी

2021 1,87,899 3,086 4,930

2022 1,90,137 2,430 4,412

2023 1,85,698 5,726 4,593

2024 1,80,800 6,015 3,715

2025 1,75,579 5,960 4,054


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News