Shimla: दीवाली पर भी HRTC कर्मचारियों को नहीं मिला डीए, न एरियर, न बोनस
punjabkesari.in Sunday, Oct 19, 2025 - 06:39 PM (IST)

शिमला (राजेश): दीवाली पर जहां हिमाचल के अधिकांश विभागों के कर्मचारियों को 3 प्रतिशत डीए, महंगाई भत्ता और उसका एरियर प्रदान किया गया, वहीं एचआरटीसी के कर्मचारियों को एक बार फिर उपेक्षा और भेदभाव का सामना करना पड़ा। एचआरटीसी के चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारी पूरे वर्ष दिन-रात, गर्मी-सर्दी और त्यौहारों के दौरान सेवाएं प्रदेशवासियों को प्रदान करते हैं। चाहे मंत्रिमंडल की रैलियां हों, राजनीतिक समारोह हों या विशेष पर्व-त्यौहार सबसे आगे खड़ा एचआरटीसी कर्मचारी ही होता है, लेकिन जब बात वित्तीय लाभों की आती है तो उन्हें हर बार इंतजार ही मिलता है।
इस पर हिमाचल परिवहन मजदूर संघ ने रोष जताया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर, महामंत्री हरीश पाराशर, उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, प्रैस सचिव शुभम चौधरी, संगठन मंत्री मंजीत वनयाल, अनिल शर्मा, रीना, महिला प्रभारी प्रियंका ठाकुर, ललित कुमार, महेंद्र सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में कहा कि न कोई अधिसूचना, न कोई भुगतान, अभी तक डीए की कोई अधिसूचना एचआरटीसी के लिए जारी नहीं की गई है।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि एचआरटीसी के कर्मचारियों की दीवाली इस बार भी फीकी रही। अधिकांश कर्मचारी निराश और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश सिविल सप्लाई निगम जैसे विभागों ने अपने कर्मचारियों को 11,000 तक की दीवाली राशि बोनस के रूप में दी है।