शिमला के दिनेश भट्ट बने दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश, हिंदी में ली शपथ
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 06:11 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल की राजधानी शिमला के रहने वाले 57 वर्षीय दिनेश भट्ट को दिल्ली उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। 21 सितम्बर को दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने उन्हें हाईकोर्ट परिसर में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विशेष बात यह रही कि उन्होंने यह शपथ हिंदी भाषा में ली। उनके साथ छह अन्य न्यायिक अधिकारियों ने भी न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। केंद्र सरकार ने राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद 19 सितम्बर 2026 को उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी।
राउज एवेन्यू कोर्ट में दे रहे थे सेवाएं
न्यायमूर्ति भट्ट का दिल्ली की जिला न्यायपालिका में 16 वर्षों का शानदार करियर रहा है। दिल्ली हाईकोर्ट में पदोन्नत होने से पूर्व वह राउज एवेन्यू कोर्ट में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-स्पैशल जज के अहम पद पर कार्यरत थे। साल 2008 में उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश का पद संभाला था और अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।

