​शिमला पुलिस के हत्थे चढ़ा चंडीगढ़ का चोर, पहले से नशे व चोरी के दर्ज हैं 13 मामले

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 04:02 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): ढली थाना क्षेत्र के भट्टाकुफर में हुई चोरी के मामले में शिमला पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस की विशेष टीम ने मामले की जांच करते हुए अपराधी बलदेव सिंह उर्फ बल्ली निवासी बढ़हेरी, चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी बलदेव आदतन अपराधी है और उसका एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर पहले से ही चोरी और नशे की तस्करी के 13 मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त को भट्टाकुफर में चोरी की घटना को लेकर ढली पुलिस थाने में भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए 12 सितम्बर को बलदेव सिंह को दबोच लिया। गौरतलब है कि पुलिस इस मामले में 30 वर्षीय शुभम चंदेल निवासी सुन्नी, जिला शिमला नामक एक अन्य आरोपी को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि बलदेव सिंह उर्फ बल्ली पेशेवर चोर है। वर्ष 2009 से 2014 के बीच चंडीगढ़ के विभिन्न थानों, सैक्टर-39 और सैक्टर-11 में उस पर चोरी के 11 मामले दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा, मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 2019 में चंडीगढ़ और हाल ही में (2026) शिमला के संजौली थाने में भी उस पर मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बलदेव सिंह को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। इस चोरी की घटना के अन्य पहलुओं और आरोपियों द्वारा अंजाम दी गई संभावित अन्य वारदातों को लेकर पुलिस की गहन जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News