Shimla: सरसों का तेल महंगा...आटे का कोटा बढ़ा, डिपुओं में नहीं मिलेगी अतिरिक्त चीनी
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 04:35 PM (IST)
शिमला (राजेश): दीवाली के महीने में सस्ते राशन के डिपुओं में उपभोक्ताओं को 14 किलो आटा मिलेगा। बीते महीनों के मुकाबले इस माह 1 किलो अतिरिक्त आटा मिलेगा। पिछले महीनों में डिपुओं में 13 किलो आटा मिल रहा था, वहीं चावल 5 किलो ही मिलेंगे। चावल के कोटे में न बढ़ौतरी हुई है न कटौती। वहीं इस माह डिपुओं में उपभोक्ताओं का सरसों तेल भी उपलब्ध होगा। अक्तूबर माह में प्रदेश के अधिकतर डिपुओं में सरसों तेल की सप्लाई नहीं पहुंची थी, वहीं इस माह उपभोक्ताओं को डिपुओं में सरसों तेल महंगा खरीदना होगा। सरसों तेल के दामों में सीधे 19 रुपए की बढ़ौतरी हुई है। इस माह सरसों का तेल 179 रुपए में मिलेगा।
जबकि बीते महीनों में यह 160 रुपए था। लेकिन बाजारों की मुकाबले डिपुओं में सरसों तेल बहुत सस्ता उपलब्ध करवाया जा रहा है। प्रदेश के बाजारों में सरसों तेल की कीमत 230 से 240 रुपए प्रतिलीटर पहुंच गई है, ऐसे में माना जा सकता है कि करीब बाजारों से 61 रुपए तक सस्ता मिलेगा। इसके अतिरिक्त इस माह दालों व चीनी का कोटा भी उपलब्ध होगा उपभोक्ताओं को पूरा राशन डिपुओं में मिलेगा। विभाग व निगम अधिकारियों के अनुसार डिपुओं में सप्लाई पहुंचाई जा रही है। जल्द ही गोदामों से डिपुुओं में यह सप्लाई पहुंचेगी।
नहीं मिलेगा चीनी का अतिरिक्त कोटा
इस बार भी दीवाली पर उपभोक्ताओं को चीनी का अतिरिक्त कोटा उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा। पहले उपभोक्ताओं दिवाली पर 500 ग्राम प्रति राशनकार्ड अतिरिक्त चीनी कोटा दिया जाता था। लेकिन पिछले 3 सालों से यह कोटा भी नहीं दिया जा रहा है। वहीं इस बार भी अतिरिक्त कोटा नहीं मिलेगा। डिपो संचालकों का कहना है कि सराकार को फिर से कोटा दिया जाना चाहिए।

