Shimla: दिल्ली में रजनी पाटिल से मिले सीएम सुक्खू व डिप्टी सीएम अग्निहोत्री, हिमाचल के अहम मुद्दों हुई चर्चा
punjabkesari.in Wednesday, Oct 29, 2025 - 07:43 PM (IST)
शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को दिल्ली में पार्टी की प्रदेश प्रभारी एवं सांसद रजनी पाटिल से मुलाकात की। इस दौरान तीनों नेताओं के बीच सत्ता-संगठन से जुड़े विभिन्न मसलों पर विस्तार से चर्चा हुई। ऐसे में माना जा रहा है कि अब जल्द ही प्रदेश कांग्रेस के नए सिरे से पुनर्गठन पर मोहर लग जाएगी। साथ ही आगामी दिसम्बर माह में सरकार के 3 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने से पहले मंत्रिमंडल विस्तार और निगम व बोर्डों में भी ताजपोशी संभव है। पहले से प्रस्तावित बैठक के तहत बुधवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री रजनी पाटिल से मिलने पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस के पुनर्गठन की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है और अब उस पर हाईकमान की मोहर लगना शेष है। चर्चा यह भी है कि कुछ नेता अध्यक्ष पद को लेकर बिगड़े समीकरणों के बाद 4 कार्यकारी अध्यक्ष लगाए जाने की पैरवी कर रहे हैं। इससे अब सभी की नजरें हाईकमान पर टिकी हुई हैं। गौर हो कि प्रदेश में पंचायती राज एवं शहरी निकायों के चुनाव प्रस्तावित हैं।
ऐसे में संगठन के जल्द गठन की मांग उठती आ रही है, ताकि धरातल पर गतिविधियों को बढ़ाया जा सकेे। वर्तमान में हिमाचल में सिर्फ पी.सी.सी. चीफ प्रतिभा सिंह के सहारे ही कांग्रेस का संगठन चल रहा है। इससे सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों को भी जनता तक पहुंचाना भी मुश्किल हो रहा है। कांग्रेस हाईकमान ने लोकसभा चुनाव में हिमाचल की चारों सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की हार के बाद बीते साल 6 नवम्बर को जिला व ब्लॉक इकाइयों के साथ-साथ राज्य कार्यकारिणी को भी भंग कर दिया। ऐसे में तब से प्रदेश में कांग्रेस बिना संगठन के है।
बिहार में चुनावी प्रचार करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुक्खू वीरवार को दिल्ली से बिहार के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का स्टार प्रचारक नियुक्त किया है। ऐसे में मुख्यमंत्री बिहार में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं और रोड शो करेंगे।
शिष्टाचार भेंट की : अग्निहोत्री
वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बुधवार को नई दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल से शिष्टाचार भेंट की है। वहीं उपमुख्यमंत्री ने रजनी पाटिल से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी शेयर की है।
नवम्बर माह में लग जाएगी संगठन के पुनर्गठन पर मोहर : सुक्खू
वहीं दिल्ली में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक सवाल के जवाब में कहा कि आगामी नवम्बर माह के पहले या दूसरे सप्ताह में प्रदेश कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन पर मोहर लग जाएगी। इसको लेकर प्रक्रिया जारी है।

