Shimla: गारंटियों वाली कांग्रेस अब बन गई है टैक्सों की सरकार : अनुराग
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 09:29 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उसे महंगाई का बोझ लादने वाली सरकार करार दिया है। यहां से जारी बयान में उन्होंने कहा कि 2022 में बड़ी-बड़ी गारंटियों का वायदा कर सत्ता में आई कांग्रेस आज जनता की जेब पर डाका डाल रही है। अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार द्वारा पैट्रोल और डीजल पर अतिरिक्त सैस लगाने की तैयारी पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही डीजल पर वैट बढ़ाकर उसे 10.40 प्रति लीटर तक ले गई है, जिससे पिछले 40 महीनों में जनता से हजारों करोड़ वसूले गए। अब सरकार पैट्रोल-डीजल पर नया सैस लगाने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री का यह कहना कि अभी इसे लागू नहीं किया गया है, पूरी तरह भ्रामक है। जब मंशा टैक्स लगाने की है, तो सरकार इसे लागू करके ही दम लेगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि एक तरफ आम जनता महंगाई से त्रस्त है, वहीं दूसरी तरफ सरकार अपने करीबियों और चेयरमैनों को उपकृत कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने चहेतों की तनख्वाह 4 गुना तक बढ़ा दी और उन्हें महंगी गाड़ियां उपलब्ध करवाईं, जबकि प्रदेश को 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक के कर्ज के जाल में धकेल दिया गया है।
उन्होंने सरकार के उस तर्क को खारिज कर दिया कि सैस का बोझ केवल व्यापारियों पर पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईंधन की कीमतें बढ़ने का सीधा असर किसानों, ट्रक ऑप्रेटरों, टैक्सी चालकों और छोटे दुकानदारों पर पड़ता है, जिससे अंततः हर वस्तु महंगी हो जाती है। अनुराग ठाकुर ने चेतावनी दी कि भाजपा इस जनविरोधी नीति का सड़कों से लेकर सदन तक पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि यदि वे वित्तीय प्रबंधन नहीं कर पा रहे हैं, तो वित्त विभाग किसी सक्षम व्यक्ति को सौंप देना चाहिए।

