Shimla: सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में 2068 शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 09:54 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): प्रदेश सरकार ने सीबीएसई से संबद्ध सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। बुधवार को जारी अधिसूचना के तहत “निश्चित मानदेय/समेकित राशि पर योजना” के अंतर्गत विभिन्न विषयों के 2068 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान की गई है। जानकारी के अनुसार इन शिक्षकों की भर्ती हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। चयनित शिक्षकों को एक शैक्षणिक वर्ष में 10 महीनों के लिए 30,000 रुपए प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। नियुक्ति पूरी तरह से योजना की शर्तों के अधीन होगी।
जीव विज्ञान में 100 शिक्षक, रसायन विज्ञान में 100, भौतिकी में 100, वाणिज्य में 200, अर्थशास्त्र में 110, राजनीति विज्ञान में 120, इतिहास में 110, हिन्दी में 194, भूगोल में 125, समाज शास्त्र में 138, मनोविज्ञान में 150, कम्प्यूटर में 150, ललित कला में 150, लोक प्रशासन में 100 और शारीरिक शिक्षा में 225 पद भरे जाएंगे। शिक्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग को औपचारिक अनुरोध पत्र भेजा जाए, साथ ही इसकी सूचना विभाग को भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

