Shimla: प्रतिशोध की राजनीति के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा भाजपा विधायक दल
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 09:20 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): प्रदेश भाजपा ने सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति से काम करने का आरोप लगाया है। भाजपा विधायक दल इसके खिलाफ 5 अगस्त को सड़कों पर उतर कर विरोध करेगा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित भाजपा विधायक दल बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित थे। भाजपा विधायक दल के सचिव एवं विधायक रणधीर शर्मा ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा विधायक दल नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के नेतृत्व में सीटीओ चौक, शिमला से विशाल विरोध प्रदर्शन एवं मार्च निकालेगा। इसमें सभी विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल शिमला तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कांग्रेस सरकार की प्रतिशोधात्मक राजनीति की पोल पूरे प्रदेश में खोली जाएगी। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त से शुरू होने जा रहे विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में प्रदेश में बारिश के दौरान सड़कों की बदहाल स्थिति, जगह-जगह भू-स्खलन, बिजली और पेयजल आपूर्ति की बाधित व्यवस्था तथा सरकार की अपर्याप्त मानसून तैयारियों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में हुए नुक्सान का विस्तृत ब्यौरा लेकर सदन में सरकार से जवाब मांगेंगे।
रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दिन-दिहाड़े गोलीकांड, कुल्हाड़ी कांड, हत्या, बलात्कार, चोरी, डकैती तथा चिट्टा माफिया की बढ़ती गतिविधियां इस सरकार की विफलता का प्रमाण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े-बड़े नशा तस्कर सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे हैं और प्रदेश के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। भाजपा इन सभी विषयों पर सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भ्रष्टाचार मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर पटवारी कार्यालय तक फैला हुआ है। भाजपा विभिन्न विभागों में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों को तथ्यों और दस्तावेजों सहित विधानसभा में उठाएगी।
साथ ही कर्मचारी और पैंशनरों की लंबित देनदारियां, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पैंशन, वित्तीय लाभ, युवाओं को प्रतिवर्ष 1 लाख सरकारी नौकरियां देने का वायदा तथा कांग्रेस की अन्य चुनावी गारंटियों को पूरा न करने के मुद्दे भी सदन में प्रमुखता से उठाए जाएंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के अलावा विधायक सतपाल सिंह सत्ती, विक्रम ठाकुर, हंसराज, राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, पवन काजल, इंद्र सिंह गांधी, अनिल शर्मा, विपिन सिंह परमार, सुधीर शर्मा, प्रकाश राणा, आशीष शर्मा, डीएस ठाकुर, इंद्र दत्त लखनपाल, रणधीर शर्मा, त्रिलोक जमवाल, सुरेंद्र शौरी, दिलीप ठाकुर, जनक राज, पूर्ण चंद, दीपराज, जेआर कटवाल, रणवीर सिंह तथा रीना कश्यप सहित भाजपा विधायक मौजूद रहे।
बैठक में 2 मिनट मौन रखा
विधायक दल बैठक की शुरूआत संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के पिता स्वर्गीय नारायणन के निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना के साथ की गई। सभी नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।

