Shimla: 50 सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के 52 पदों के लिए होगी काऊंसलिंग

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 04:35 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश के 50 सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के 52 पदों के लिए आज यानि 24 सितम्बर को काऊंसलिंग होगी। इस दौरान भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के 52 पदों पर शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने पहले 45 पदों के लिए काऊंसलिंग शैड्यूल जारी किया था, लेकिन अब इसमें संशोधन करते हुए 52 पदों वाले स्कूलों की संशोधित सूची जारी की गई है। शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी संशोधित नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी काऊंसलिंग नोटिस के तहत निर्धारित तिथि, समय और स्लॉट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। साथ ही काऊंसलिंग में नियम एवं शर्तें भी पूर्ववत रहेंगी। केवल काऊंसलिंग के लिए अधिसूचित स्कूलों की सूची में संशोधन किया गया है। इस दौरान भौतिकी के 15, रसायन विज्ञान के 19 और जीव विज्ञान के 18 पदों के लिए काऊंसलिंग होगी।

5 सदस्यीय कमेटी करेगी दस्तावेजों की जांच
काऊंसलिंग प्रक्रिया को पूरा करने के लिए निदेशालय ने 5 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। सहायक निदेशक शीतल शर्मा को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। कमेटी में सुपरिंटैंडैंट ग्रेड-2 ज्ञान सैनी, सीनियर असिस्टैंट प्रदीप शर्मा, जेओए (आईटी) ज्योति प्रकाश और जेओए (आईटी) सौरभ कुमार को सदस्य नियुक्त किया गया है। कमेटी काऊंसलिंग के दौरान पात्र शिक्षकों के सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच करेगी। साथ ही पूर्व में जारी निर्देशों के अनुसार दस्तावेजों की छंटनी के बाद कमेटी पूरी कार्यवाही और अपनी सिफारिशों वाली रिपोर्ट तैयार कर निदेशक शिक्षा को मंजूरी के लिए सौंपेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News