Shimla: CBSE स्कूलों में हरे रंग की होगी विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म, ​शिक्षक भी पहनेंगे वर्दी

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 08:45 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): सीबीएसई से संबद्ध हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के लिए ड्रैस कोड, विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म तथा स्कूल भवनों के लिए रंग फाइनल कर लिया गया है। सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों की विशिष्ट यूनिफॉर्म हरे रंग की थीम पर आधारित होगी। इन स्कूलों की महिला शिक्षिकाएं हल्के लाइलैक (बैंगनी) रंग की पोशाक पहनेंगी, जबकि पुरुष शिक्षक हल्के नीले रंग की पैंट और शर्ट पहनेंगे। इन स्कूलों के भवनों को ऑलिव ग्रीन और सैंड बेज रंगों से रंगा जाएगा। शिक्षकों का ड्रैस कोड साफ-सुथरा, औपचारिक, शालीन और पेशेवर होगा तथा इसमें न्यूनतम सहायक वस्तुओं का प्रयोग किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान शिक्षकों को अपना पहचान पत्र पहनना भी अनिवार्य होगा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में वीरवार को शिक्षा विभाग की बैठक हुई जिसमें ड्रैस कोड, यूनिफॉर्म और भवन रंग को लेकर चर्चा की गई और इसे फाइनल किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को उनके घरों के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सीबीएसई स्कूलों में आवश्यक आधारभूत ढांचे के विकास तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 80 करोड़ रुपए जारी किए हैं।

उन्होंने कहा कि इन स्कूलों के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपए भी जारी कर दिए जाएंगे। बैठक में विधायक सुरेश कुमार, चंद्र शेखर और नीरज नैय्यर, हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग के सदस्य विजय पाल सिंह, सचिव शिक्षा राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News