Shimla : 5,623 इन-सर्विस शिक्षकों का इंतजार खत्म, 24 सितंबर से शुरू होगी काऊंसलिंग

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 01:55 PM (IST)

Shimla News : सरकारी सीबीएसई स्कूलों में तैनाती का इंतजार कर रहे इन-सर्विस शिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। विभाग ने काऊंसलिंग शुरू करने का निर्णय लिया है। पहले चरण की काउंसलिंग 24 सितंबर से शुरू होगी।

इसमें फिजिक्स, बॉयोलॉजी, कैमिस्ट्री और प्रिंसीपल पद शामिल किए गए हैं। अन्य विषयों के शिक्षकों के लिए विभाग अलग से शेड्यूल जारी करेगा। स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती मैरिट और उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर ही होगी। बताया जा रहा है कि विभाग इन शिक्षकों से 3 स्कूलों के विकल्प मांगेगा। इसके बाद संबंधित शिक्षक की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, सेवा रिकॉर्ड और मैरिट को देखते हुए उपलब्ध पद के अनुसार स्कूल में तैनाती तय की जाएगी। गौर हो कि चयन प्रक्रिया में शामिल करीब 5,623 इन-सर्विस शिक्षक लंबे समय से स्कूलों में तैनाती का इंतजार कर रहे हैं। विभाग ने बीते मार्च से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की थी, जो अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। हालांकि इस दौरान 100 से अधिक प्रधानाचायों को स्कूलों में तैनाती दे दी गई थी।

जरूरत के हिसाब से ही मिलेंगे शिक्षक

शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकारी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती जरूरत के आधार पर की जाएगी। ऐसे में केवल मैरिट के आधार पर ही किसी स्कूल में अतिरिक्त शिक्षक का पद सृजित या आवंटित नहीं किया जाएगा। उपलब्ध रिक्तियों और स्कूलों की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही तैनाती की जाएगी।

पसंदीदा स्कूल होगी बड़ी चुनौती

विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती मैरिट में शामिल शिक्षकों की पसंद और स्कूलों में उपलब्ध रिक्तियों के बीच संतुलन बनाने की होगी। 3 स्कूलों के विकल्प लेने के बाद यदि पसंदीदा स्कूलों में पद उपलब्ध नहीं हुए तो शिक्षकों की तैनाती किस क्रम और आधार पर होगी, यह विभाग के लिए चुनौती भरा रहेगा। इन-सर्विस शिक्षकों ने एचपी बोर्ड द्वारा करवाई गई परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ स्क्रीनिंग प्रक्रिया में मैरिट हासिल की है।

शिक्षकों का कहना है कि यदि रिक्तियों और स्कूल विकल्पों को लेकर कोई विवाद पैदा होता है तो मामले पर एक वार फिर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। गौर हो कि सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति से जुड़े मामले में 18 सितम्बर यानि आज हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। शिक्षा विभाग की ओर से कोर्ट मैं अपना पक्ष रखा जाना है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News