घर बनाने के लिए 15 लाख एडवांस ले सकेंगे कर्मचारी, सड़क हादसे में भाजयुमो नेता की मौत, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Aug 23, 2022 - 07:27 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने राज्य सरकार के कर्मचारियों को राहत देते हुए हाऊस बिल्डिंग एडवांस की दरों, पात्रता और अधिकतम सीमा में संशोधन को मंजूरी दी है। हमीरपुर बाईपास पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े 2 युवकों को रौंद दिया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

जयराम व डा. बिंदल चुनाव संचालन व प्रबंधन समिति अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने चुनाव संचालन व चुनाव प्रबंधन समिति का गठन कर दिया है। प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर होंगे, जबकि प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष विधायक डा. राजीव बिंदल को सौंपा गया है।

कैबिनेट के निर्णय: घर बनाने के लिए 15 लाख रुपए एडवांस ले सकेंगे कर्मचारी
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने राज्य सरकार के कर्मचारियों को राहत देते हुए हाऊस बिल्डिंग एडवांस की दरों, पात्रता और अधिकतम सीमा में संशोधन को मंजूरी दी है। हाउस बिल्डिंग एडवांस की अधिकतम सीमा अब मूल वेतन का 25 गुना होगी। इसमें अधिकतम 15 लाख रुपए तक के नए निर्माण या नए घर एवं फ्लैट की खरीद और राशि चुकाने की क्षमता की शर्त लागू रहेगी।

ट्रैफिक के लिए चक्की पुल सेफ, एन.एच.ए.आई. ने किया निरीक्षण
भारी बरसात के कारण सुरक्षा की दृष्टि से नूरपुर के कंडवाल स्थित चक्की सड़क पुल पर प्रशासन द्वारा रोकी गई ट्रैफिक के बाद सोमवार को राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण किया। इस जांच टीम में एन.एच.ए.आई. से सी.जी.एम. अमरेंद्र कुमार, जी.एम. वीरेंद्र संव्याल और प्रोजैक्ट निदेशक डा. अनिल सेन के साथ अन्य अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया।

Hit & Run : हमीरपुर में बेकाबू कार ने सड‍़क किनारे खड़े 2 युवक रौंदे, भाजयुमो नेता की मौत
हमीरपुर बाईपास पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े 2 युवकों को रौंद दिया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार है। पुलिस उसकी धड़पकड़ में लगी हुई है। हादसे में जिला भाजयुमो उपाध्यक्ष सुनील शर्मा की मौत हुई है जबकि अनुराग पटियाल गंभीर रूप से घायल है।

बल्ला में घर से 9 लाख रुपए के गहने व नकदी ले उड़े चोर
मारंडा व आसपास के गांवों में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अरला पंचायत के बल्ला गांव में प्रीतम चंद के घर से चोर लगभग 9 लाख रुपए के गहने व नकदी चोरी कर रफूचक्कर हो गए। चोरों ने वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि घर के लोगों को घटना का पता सुबह चला।

कोरोना से दो की मौत, 238 निकले पॉजिटिव
हिमाचल में कोरोना से दो लोगों की मौत हुई है। इनमें कांगड़ा में 82 साल के व्यक्ति  व मंडी में 47 साल के व्यक्ति  ने दम तोड़ा है। वहीं 238 नए पॉजिटिव मामले आए हैं। संक्रमितों में बिलासपुर 12, चम्बा 5, कांगड़ा 68, किन्नौर 9, कुल्लू 5, लाहौल-स्पीति 3, मंडी 53, शिमला 41, सिरमौर 20, सोलन 18 व ऊना के 4 मरीज शामिल हंै।

बी.एड. व टैट शास्त्री और भाषा शिक्षकों को मिला टी.जी.टी. पदनाम
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शास्त्री व भाषा शिक्षकों को टी.जी.टी. पदनाम मिल गया है। इस संबंध में सोमवार को प्रधान सचिव शिक्षा देवेश कुमार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत बी.एड. व टैैट पास शास्त्री को टी.जी.टी. संस्कृत व भाषा शिक्षकों को टी.जी.टी. हिन्दी पदनाम दिया जाएगा है। हालांकि अभी विभाग में 3 हजार शिक्षक ही बी.एड. व टैट पास हैं। ऐसे में अभी इसका लाभ इन शिक्षकों को ही मिलेगा।

पेड़ गिरने से टूटी मकान की छत, परिवार हुआ बेघर
जुन्गा के समीप चनेया शलोठ में एक रिहायशी मकान पर बीते कल सायं को देवदार के तीन पेड़ गिरने से मकान की छत टूट गई है। जिससे कृष्ण दत का परिवार बेघर हो गया है। कृष्ण दत ने बताया कि देवदार का एक पेड़ बीते कल सुबह करीब छ: बजे और तीन पेड़ों का झुंड सायं करीब 7 बजे घर पर आ गिरा जिससे उनके मकान की छत टूट गई है।

पढ़ाई के बाद रोजगार सृजित करने में सक्षम बनें विद्यार्थी : प्रो. धूमल
वर्तमान दौर में तकनीकी शिक्षा का विशेष महत्व है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार भी कौशल विकास पर बल दे रही है, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार सृजित करने वाले बन सकें। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के 13वें स्थापना दिवस समारोह में कही। पूर्व मुख्यमंत्री ने तकनीकी वि.वि. के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर विशिष्ट अतिथि रहे।

हिमाचल में मानसून उजाड़ गया 715 घर, 249 की मौत
हिमाचल में मानसून जमकर बरस रहा है। मानसून की बारिश से प्रदेश में अभी तक 715 घरों को नुक्सान हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में 29 पक्के  मकान और 99 कच्चे मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं 93 पक्के  और 494 कच्चे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News