1124 किलोमीटर का होगा शिमला से अयोध्या का सफर
punjabkesari.in Monday, Jan 22, 2024 - 06:37 PM (IST)

शिमला (राजेश): अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही हिमाचल से अयोध्या के लिए एच.आर.टी.सी. बस सेवा शुरू करने का सर्वेक्षण भी पूरा हो गया है। राजधानी शिमला से श्री रामजन्म भूमि अयोध्या का सफर करीब 1124 किलोमीटर का होगा। शिमला से दिल्ली का सफर जहां 392 कि.मी. का है। वहीं दिल्ली से अयोध्या तक का सफर 732 किलोमीटर का होगा। हिमाचल की विभिन्न जगहों से अयोध्या के लिए बस सेवा को लेकर एच.आर.टी.सी. प्रबंधन ने परमिट के लिए आवेदन कर दिया है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार से भी बस सेवा शुरू करने की अनुमति मांगी है। उत्तर प्रदेश सरकार की अनुमति मिलने के बाद ये विभिन्न जिलों से अयोध्या के लिए निगम 6 रूटों पर बस सेवा शुरू होगी जिससे हिमाचल के लोग भी अयोध्या जाकर भगवान श्री राम के दर्शन कर सकेंगे। निगम प्रबंधन की ओर से एक टीम सर्वेक्षण के लिए अयोध्या भेजी गई थी। यह टीम सर्वेक्षण पूरा कर शिमला वापस पहुंच गई है। निगम अधिकारियों का कहना है कि प्रबंधन ने अयोध्या के लिए परमिट को लेकर आवेदन कर दिया है। बस सेवा शुरू करने को लेकर सरकार को भी पत्र लिखा है।
दिल्ली से अयोध्या तक दो एक्सप्रैस-वे से होकर जा सकती है बस
अयोध्या से वापस आई टीम ने प्रबंधन को रिपोर्ट भी दी है। प्रबंधन को दी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली से अयोध्या तक दो एक्सप्रैस-वे आगरा व लखनऊ एक्सप्रैस-वे हैं और और लखनऊ से बाराबंका से अयोध्या के लिए बेहतर सड़क सुविधा से होकर बस चल सकती है। वहीं रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि बस सुबह दिल्ली से 7.45 से पहले चल सकती है जिससे बस समय पर अयोध्या पहुुंचेगी।
शिमला से अयोध्या के लिए होगा 23 घंटे का सफर
शिमला से अयोध्या के लिए करीब 23 घंटे का सफर होगा। निगम प्रबंधन को दी गई रिपोर्ट में दिल्ली से अयोध्या के लिए करीब बस में 13 से 14 घंटे का सफर है। वहीं शिमला से दिल्ली के लिए बस में करीब 9 घंटे लगते हैं। ऐसे में ये सफर करीब 23 घंटे का होगा।
ढाबों की सुविधा, अयोध्या आई.एस.बी.टी.सी. में पार्किंग को जगह उपलब्ध
टीम ने सर्वेक्षण में बीच मार्ग में लंच, ब्रेकफास्ट व डिनर व चाय पीने के लिए ढाबों की भी जगह देख। इसमें पाया गया कि मार्ग में विभिन्न स्थानों पर ढाबे उपलब्ध हैं जहां पर रूट पर जाते हुए यात्री आसानी से भोजन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अयोध्या आई.एस.बी.टी. में पार्किंग जगह भी उपलब्ध है।