कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 9.41 हैक्टेयर निजी भूमि होगी अधिग्रहित, 60 दिन में आपत्तियां दर्ज करने का मौका

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 08:53 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): प्रदेश सरकार द्वारा कांगड़ा जिले के गग्गल स्थित हवाई अड्डा के विस्तार की कवायद के बीच 9.41 हैक्टेयर निजी भूमि का अधिग्रहण होगा। इसके लिए कवायद शुरू कर दी है। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा जारी प्रारंभिक अधिसूचना के अनुसार यह भूमि कांगड़ा और शाहपुर उपमंडलों के 14 गांवों से ली जाएगी। अधिसूचना के अनुसार जिन लोगों की भूमि इस अधिग्रहण में शामिल है, वे 60 दिनों के भीतर अपनी आपत्तियां लिखित रूप में समाहर्त्ता के पास दर्ज करवा सकते हैं।

साथ ही सर्वेक्षण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा न डालने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि अधिसूचना जारी होने के बाद संबंधित भूमि का क्रय-विक्रय, नामांतरण या किसी भी प्रकार का लेन-देन बिना अनुमति के नहीं किया जा सकेगा। भूमि से जुड़े दस्तावेज उपमंडल अधिकारी और समाहर्त्ता कार्यालय में कार्य दिवसों के दौरान देखे जा सकेंगे।

सरकार ने यह कदम भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 के तहत उठाया है। सरकार ने सभी रिपोर्टों का परीक्षण करने के बाद परियोजना को मंजूरी देते हुए अधिसूचना जारी की है। इस प्रक्रिया के तहत धर्मशाला स्थित मंडलायुक्त कांगड़ा को आयुक्त, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कांगड़ा को प्रशासक और उपमंडलाधिकारी कांगड़ा को समाहर्त्ता नियुक्त किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News