देवताओं के आगमन के साथ गवास में देवता गुडारू महाराज का 3 दिवसीय शांत महायज्ञ शुरू

punjabkesari.in Sunday, Jan 07, 2024 - 08:46 PM (IST)

रोहड़ू (कुठियाला): रोहड़ू उपमंडल के गवास गांव में देवता महाराज गुडारू का शांत महायज्ञ रविवार को देवताओं के आगमन के साथ शुरू हो गया है। 3 दिनों तक चलने वाले इस शांत महायज्ञ में रविवार को पहले दिन देवताओं का आगमन हुआ, जिसे स्थानीय भाषा में संघेड़ा कार्यक्रम कहा जाता है। रविवार को शांत महायज्ञ के पहले दिन 7 देवताओं ने अपने-अपने हजारों देवलुओं के साथ गवास पहुंच कर शांत महायज्ञ में भाग लिया। देवता महाराज जाबल नरैण, देवता महाराज गुडारू थली, पवासी महाराज भौलाड़, देवता गुडारू महाराज छुपाड़ी, देवता गुडारू महाराज डिसवानी, देवता पवासी महाराज भटवाड़ी तथा बोठा महासू आस्तानी अपने-अपने हजारों देवलुओं के साथ नाचते-गाते हुए शांत महायज्ञ में पहुंचे। इसके साथ ही इस शांत महायज्ञ में 5 परशु राम तथा 2 खूंद शेखली व रोहटान भी शांत महायज्ञ में पहुचे हैं। गवास में मंदिर कमेटी द्वारा सभी मेहमान देवताओं के साथ आए हजारों देवलुओं के ठहरने व खाने की पूरी व्यवस्था की गई है।
PunjabKesari

सीएम सुक्खू सहित कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्री रोहित ठाकुर व विक्रमादित्य भी महायज्ञ में हुए शामिल
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भी गवास में आयोजित 3 दिवसीय शांत महायज्ञ में रविवार को शामिल हुए और देवता गुडारू महाराज के मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। यहां पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 36 वर्षों बाद यह महायज्ञ धूमधाम के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। क्षेत्रवासियों को शांत महायज्ञ की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों की देव संस्कृति में गहरी आस्था है, इसीलिए हिमाचल प्रदेश को देवभूमि कहा जाता है। यह महायज्ञ हिमाचल प्रदेश की प्राचीन संस्कृति का प्रतीक है। 

प्रदेश वासियों को अपनी पुरातन संस्कृति पर गर्व 
सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सभी निवासियों की देवी-देवताओं में गहरी आस्था है तथा सभी को अपनी पुरातन संस्कृति पर गर्व है। मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी से इस प्राचीन संस्कृति को सहेज कर रखने की अपील की। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा ने भी क्षेत्रवासियों को महायज्ञ की बधाई दी और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का रोहड़ू पहुंचने पर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी कर्नल कुलदीप सिंह बांशटू तथा रितेश कपरेट, उपायुक्त आदित्य नेगी व अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News