Bilaspur: श्री नयना देवी में 25 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 06:01 PM (IST)

नयना देवी (मुकेश): विश्वबिख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में रविवार को लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने माता जी के दर्शन किए और माता जी का शुभ आशीर्वाद प्राप्त किया। हालांकि कुछ दिनों से श्री नयना देवी में रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में थोड़ी कमी आई है। लेकिन मंदिर के पुजारी कैलाश शर्मा और मंदिर दर्शनों के लिए आए श्रद्धालुओं के अनुसार रास्ते बिल्कुल खुले हैं और जगह-जगह पर जेसीबी तैनात हैं और श्रद्धालुओं की सुख-सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

श्रावण महीने की चलते अन्य प्रदेशों से लगातार श्रद्धालु माताजी के दरबार में पहुंच रहे हैं और माता जी का शुभ आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और दोपहर की आरती के समय भीड़ फ्लाईओवर को पार कर गई। दर्शनों के लिए आए श्रद्धालुओं ने अपने घर-परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।

हालांकि मंदिर न्यास द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। मंदिर के बाहर होमगार्ड के जवानों ने भीड़ पर नियंत्रण बनाए रखा और लाइनों में ही श्रद्धालुओं को माता जी के दर्शन करवाए। मंदिर के निकासी और मुख्य द्वार पर पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं द्वारा पानी की छबीलें लगाई गईं, जिससे श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News