Kangra Traffic Alert: 8 अगस्त को 3 घंटे तक बंद रहेगा खोली-53 मील मार्ग, जानें क्या है वजह

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 06:19 PM (IST)

कांगड़ा (ब्यूरो): कांगड़ा से पालमपुर या पठानकोट की ओर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक जरूरी सूचना है। 8 अगस्त को सुबह 5 बजे से 8 बजे तक खोली से 53 मील तक का सड़क मार्ग सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद रहेगा। प्रशासन ने इस मार्ग पर एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को निकालने के लिए यह निर्णय लिया है।

ये रहेगा रूट डायवर्जन प्लान
यातायात बाधित न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा एक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। पालमपुर से कांगड़ा या पठानकोट की ओर जाने वाले भारी वाहनों को इस 3 घंटे की अवधि के दौरान ठानपुरी-टांडा रोड के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। विपरीत दिशा यानी कांगड़ा या पठानकोट से पालमपुर की ओर जाने वाले वाहनों को कछियारी-टांडा रोड के रास्ते भेजा जाएगा। इसके अलावा, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी जनसुरक्षा और सुचारू यातायात के हित में परिस्थितियों के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से भी वाहनों को डायवर्ट कर सकते हैं।

एसडीएम कांगड़ा ने जारी किए आदेश
कांगड़ा की एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन से एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को मौके से सुरक्षित निकालने के लिए सड़क को अस्थायी रूप से बंद करने की अनुमति मांगी गई थी। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा, यातायात के सुचारू संचालन और रिकवरी अभियान को सुरक्षित व सुविधाजनक तरीके से पूरा करने के लिए इस मार्ग को 3 घंटे के लिए बंद करना अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News