Mandi: सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ने घोषित किए UG फाइनल ईयर के परिणाम, मैरिट लिस्ट में बेटियाें का दबदबा
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 05:16 PM (IST)
मंडी (रजनीश): सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी ने छात्र हित में एक बड़ा कदम उठाते हुए मार्च-अप्रैल 2026 में आयोजित स्नातक अंतिम वर्ष की वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। सत्र मार्च-अप्रैल 2026 के तहत निम्नलिखित मुख्य पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिए गए हैं। बैचलर ऑफ आर्ट्स (बीए), बैचलर ऑफ साइंस (बीएससी मेडिकल और नॉन-मेडिकल), बैचलर ऑफ साइंस-बायोटैक्नोलाजी (ऑनर्स) और ओटी शास्त्री इस बार की वार्षिक परीक्षाओं में विभिन्न महाविद्यालयों के कुल 5519 विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
विभिन्न संकायों का उत्तीर्ण प्रतिशतता की बात करें तो बीए का 89.77 प्रतिशत, ओटी शास्त्री का 84.60 प्रतिशत और बीएससी मेडिकल व नॉन-मेडिकल का 78.60 प्रतिशत परीक्षा परिणाम इस बार रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी की गई इस बार की मैरिट लिस्ट में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ज्यादातर शीर्ष स्थानों पर अपना कब्जा जमाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा में शामिल हुए सभी संबंधित छात्र-छात्राओं से अनुरोध किया है कि वे बिना किसी देरी के सरदार पटेल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर संबंधित यूनिवर्सिटी पोर्टल के माध्यम से अपने परीक्षा परिणाम देख और डाऊनलोड कर सकते हैं।
एसपीयू के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनकी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने एसपीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. सनील ठाकुर और सहायक कुलसचिव हनीत राणा तथा संपूर्ण परीक्षा शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों को उनके असाधारण प्रयासों के लिए बधाई दी। परीक्षा शाखा की प्रतिबद्धता, दिन-रात के समर्पण और कड़े परिश्रम के कारण ही विश्वविद्यालय सत्र समाप्त होने के तुरंत बाद छात्र हित में समय पर परिणाम घोषित करने में सफल रहा है।

