कांग्रेस में मचा घमासान, युवा नेता सुल्तानपुरी ने दी इस्तीफे की धमकी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 24, 2019 - 10:05 AM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर घमासान मचना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पार्टी महासचिव एवं युवा नेता विनोद सुल्तानपुरी ने प्रदेश कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की धमकी दे डाली है। उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी पत्र लिखकर नाराजगी जाहिर की है। विनोद सुल्तानपुरी ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कसौली की नियुक्ति पर नाराजगी जाहिर की है। इसके साथ ही वह पूरे मामले को लेकर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने के लिए जल्द दिल्ली जा सकते हैं। सूचना के अनुसार विनोद सुल्तानपुरी ने कसौली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद को लेकर जिस नाम की सिफारिश की थी, उसे पार्टी ने नजरअंदाज किया। इसके बाद से विनोद सुल्तानपुरी भड़क गए। ऐसे में उन्होंने पार्टी महासचिव पद से त्याग पत्र देने की बात तक कह डाली है।  गौर हो कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी में नए ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति का सिलसिला चल रहा है। आरोप लग रहे हैं कि स्थानीय नेताओं को दरकिनार कर चहेतों को संगठन पद बांटे जा रहे हैं।

सोनिया गांधी को लिखा पत्र 

विनोद सुल्तानपुरी ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा है कि लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद भी पार्टी अध्यक्ष ने कोई सबक नहीं सीखा है। चुनाव हुए 4 महीने बीत चुके हैं लेकिन प्रदेश में कांग्रेस कहीं नजर नहीं आ रही। सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ  न कोई आंदोलन हो रहा और न ही धरना-प्रदर्शन। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की निरंतर होने वाली बैठकें भी नहीं हो रहीं। पत्र में कहा गया है कि 2 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी घोषित हो चुका है, बावजूद इसके पार्टी की कोई तैयारी धरातल पर नहीं दिख रही है। जैसे लोकसभा चुनाव में टिकटों की बंदरबांट हुई, वैसा ही उपचुनाव के टिकट वितरण को लेकर माहौल बनाया जा रहा है। इससे कांग्रेसी खुद एक-दूसरे पर ही कीचड़ उछाल रहे हैं। यह कांग्रेस के लिए सुखद संकेत नहीं है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्तियों में भी निष्ठावान, समर्पित व कर्मठ कार्यकत्र्ताओं को नजरअंदाज किया गया है। प्रदेश में ऐसे लोगों को ब्लॉक अध्यक्ष बना दिया गया जिन्हें कोई जानता तक नहीं।

सरकार के साथ खेल रहे फैंडली मैच 

सरकार के साथ कांग्रेस के शीर्ष पदों पर बैठे नेता फ्रैंडली मैच खेल रहे हैं। इससे पार्टी दिनोंदिन कमजोर होती जा रही है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सबको साथ लेकर नहीं चल रहे जिससे संगठन छिन्न-भिन्न हो चुका है।

2 बार कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं विनोद सुल्तानपुरी

सुल्तानपुरी कसौली विधानसभा क्षेत्र से 2 बार कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। एक चुनाव में उन्हें 24 वोट से तो दूसरे चुनाव में उन्हें 442 वोट से हार का सामना करना पड़ा था। विनोद सुल्तानपुरी के पिता के.डी. सुल्तानपुरी शिमला संसदीय क्षेत्र से 6 बार सांसद रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए जो प्रक्रिया अपनाई गई है, वह पूरी तरह से गलत थी। पर्यवेक्षक ने ब्लॉक के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं की बात तक नहीं सुनी। विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि वह जल्द ही अपनी बात पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के समक्ष रखेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन में मनमर्जी से पदों को बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन में एक के बाद एक गलतियां की जा रही हैं जिससे संगठन अपनी दिशा से भटक रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News