मेरे भाजपा प्रत्याशी बनने से कांग्रेस नेताओं को लगी है मिर्ची, खो चुके हैं अपना संयम : कंगना

punjabkesari.in Thursday, Apr 04, 2024 - 08:49 PM (IST)

मंडी/सुंदरनगर (रजनीश/सोनी): महिलाओं के प्रति अपनी संकीर्ण सोच को बदलें नहीं तो आने वाले समय में घर से बाहर निकलना कांग्रेस पार्टी के नेताओं को मुश्किल हो जाएगा। यह बात वीरवार को विश्वकर्मा मंदिर मंडी में आयोजित भाजपा मंडी मंडल की परिचय बैठक में मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत ने कही। उन्होंने कहा कि मेरे भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी घोषित होते ही पूरी कांग्रेस पार्टी को मिर्ची लग गई है और इसके नेता अपना संयम खो चुके हैं और मेरे साथ हेमा मालिनी जैसी वरिष्ठ नेत्री और अभिनेत्री पर भी अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंगना हिमाचल की बेटी है और ऐसे बयानों से डरने वाली नहीं है और ऐसे बयान उन्हें महिला विरोधी लोगों से मुकाबला करने के लिए अधिक शक्ति दे रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि हिमाचल की बेटी को निशाना बनाने से अच्छा है कि कांग्रेस पार्टी अपने कुनबे को संभाले।

2024 का लोकसभा चुनाव एक धर्म युद्ध 
सुंदरनगर के लेक-व्यू में भाजपा कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए कंगना रणौत ने कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा धर्म राष्ट्रवाद है और 2024 का लोकसभा चुनाव एक धर्म युद्ध है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की तुलना अधर्म से करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अयोध्या में बने भगवान श्रीराम मंदिर को लेकर इकट्ठा किए गए चंदे को भाजपा का स्कैम बताया था। कंगना ने मंडयाली भाषा में बोलते हुए कहा कि मंडी और पहाड़ की महिलाएं हिम्मत और जोश के साथ दमदार हैं, प्रदेश की बेटी हूं यहां पली-बढ़ी हुई हूं, प्रदेश की महिलाएं, युवतियां कमजोर नहीं फौलाद की तरह पक्की और सच्ची हैं। उन्होंने कहा कि आज तक मेरे विरुद्ध जो भी षड्यंत्र रचे गए वे सारे फेल हुए। मैं एक सच्ची पहाड़ी हूं और पहाड़ी कभी हार नहीं मानते। भाजपा कार्यकर्त्ताओं की इस सभा को विधायक राकेश जम्वाल ने भी संबोधित किया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News